अनंतनाग लोकसभा सीट पर उपचुनाव कराने पर आयोग एक हफ्ते में लेगा फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के इस्तीफे के बाद खाली अनंतनाग लोकसभा सीट पर चुनाव कराए जाने को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी शांतमनु ने वीरवार को चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेज दी। बुधवार को सभी राजनीतिक दलों से रायशुमारी के बाद उन्होंने आयोग को रिपोर्ट भेजी।
माना जा रहा है कि अगले एक सप्ताह में इस संबंध में आयोग फैसला लेगा। शांतमनु ने बताया कि चुनाव के संबंध में राजनीतिक दलों की राय लिया जाना आवश्यक था। यह काम पूरा कर लिया गया है। राजनीतिक दलों की राय के साथ उन्होंने अपनी रिपोर्ट आयोग को भेज दी है। अब आयोग चुनाव के विषय में फैसला लेगा।
सीईओ की ओर से बुलाई गई बैठक में पीडीपी ने अप्रैल में चुनाव कराए जाने की बात कही थी तो भाजपा इस बैठक से गायब रही। नेकां, कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने जल्द से जल्द चुनाव कराने की राय रखी थी। विपक्ष का कहना था कि यदि घाटी में परीक्षाएं हो सकती हैं तो फिर चुनाव कराने में क्या दिक्कत है।
महबूबा के सीएम बनने के बाद से खाली है सीट
विधानसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद महबूबा ने अनंतनाग लोकसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था। छह महीने के भीतर चुनाव कराए जाने की संवैधानिक बाध्यता के नाते आयोग की ओर से कवायद की जा रही है। माना जा रहा है कि इस बारे में आयोग जल्द ही फैसला लेगा।
यदि तय समय में चुनाव नहीं होगा तो इसके लिए राष्ट्रपति की ओर से अधिसूचना जारी की जानी होगी। राज्य सरकार की ओर से पूर्व में चुनाव आयोग को पत्र भेजकर घाटी के हालात को देखते हुए फिलहाल चुनाव न कराए जाने का आग्रह किया गया था।