फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chhattisgarh ›   Chhattisgarh Hockey League: Minister Arun announces teams and franchises; Sardar Singh named ambassador

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: मंत्री अरुण ने किया टीमों और फ्रेंचाइजीस का एलान, सरदार सिंह बने एंबेसडर, जर्सी भी लॉन्च

Mon, 12 Oct 2026 09:17 PM IST
Lalit Kumar Singh अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर
अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर Published by: Lalit Kumar Singh Updated Mon, 12 Oct 2026 09:17 PM IST
सार

देश के प्रख्यात हॉकी खिलाड़ी सरदार सिंह छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का एंबेसडर बनाये गये हैं। राज्य सरकार की ओर से आयोजित भारत की पहली हॉकी लीग 'छत्तीसगढ़ हॉकी लीग' का उद्घाटन सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होगा।

विज्ञापन
Chhattisgarh Hockey League: Minister Arun announces teams and franchises; Sardar Singh named ambassador
जर्सी लॉन्च करते खेल मंत्री अरुण साव - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

विस्तार

देश के प्रख्यात हॉकी खिलाड़ी सरदार सिंह छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का एंबेसडर बनाये गये हैं। राज्य सरकार की ओर से आयोजित भारत की पहली हॉकी लीग 'छत्तीसगढ़ हॉकी लीग' का उद्घाटन सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होगा। उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सोमवार को रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में लीग की छह फ्रेंचाइज़ीस और टीमों का एलान किया। ड्रा के जरिए फ्रेंचाइजीस को टीमों के आवंटन के साथ ही सभी टीमों की जर्सी भी लॉन्च की गई। टीम ड्रॉ के माध्यम से हर फ्रेंचाइज़ी को 22 खिलाड़ियों का दल और एक मुख्य कोच आवंटित किया गया।

विज्ञापन

 

इस दौरान खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए सरदार सिंह जैसी प्रतिष्ठित शख्सियत को लीग एंबेसडर बनाना हमारे युवा खिलाड़ियों के लिये गौरव की बात है। वे भारत के सबसे प्रतिष्ठित हॉकी खिलाड़ियों में से एक हैं और उनकी विशेषज्ञता से इस लीग को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा। जमीनी स्तर पर छत्तीसगढ़ में हॉकी को प्रभावी ढंग से बढ़ावा देने के लिए लीग और फ्रेंचाइज़ी टीमों के बीच दीर्घकालिक साझेदारी के महत्व पर जोर देते हुए कहा मैं उन छह टीम मालिकों और प्रायोजकों का हार्दिक स्वागत करता हूं, जिन्होंने हमारे खेल का समर्थन करने और इसमें निवेश करने का निर्णय लिया है। हॉकी को बढ़ावा देने के लिए उनका दृष्टिकोण और दृढ़ संकल्प सराहनीय है। राज्य में हॉकी के पुनरुत्थान की इस महत्वपूर्ण पहल में सरकार के साथ साझेदारी के लिए मैं उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
विज्ञापन




दूसरे राज्यों के लिए मिसाल बनेगी यह पहल: सरदार सिंह 
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लीग एंबेसडर सरदार सिंह ने कहा कि एक पूर्व खिलाड़ी और अब हॉकी इंडिया के साथ कोच के रूप में मैंने छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास को करीब से देखा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण की महत्वाकांक्षा राज्य को एक खेल राज्य के रूप में विकसित करने की है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की शुरुआत एक ऐसी पहल है, जो दूसरे राज्यों के लिए मिसाल बनेगी। मुझे विश्वास है कि इससे छत्तीसगढ़ के हॉकी खिलाड़ियों को बहुत लाभ मिलेगा। सीएचएल का लीग एंबेसडर बनना मेरे लिए केवल एक मानद पद नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सितारों के रूप में विकसित करने में योगदान देने का अवसर भी है।
विज्ञापन
विज्ञापन









सीएचएल में ये छह फ्रेंचाइज़ी टीमें शामिल
सीएचएल में छह फ्रेंचाइज़ी टीमें शामिल हैं, जिनमें राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज खिलाड़ियों, ओलंपियनों, स्थानीय प्रतिभाओं और छत्तीसगढ़ क्षेत्र के अनुभवी खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को उच्च स्तरीय मंच उपलब्ध कराना और राज्य में घरेलू हॉकी के ढांचे को मजबूत करना है। प्रतियोगिता की छह फ्रेंचाइजी टीमों के साथ प्रतिष्ठित संस्थान जुड़े हैं। चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ इस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड , राजधानी रॉयल्स की श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।



विजेता को मिलेंगे 11 लाख रुपए
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमों के कुल 132 खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल हैं। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी होंगे। इनमें चार अतिथि खिलाड़ी शामिल रहेंगे। हर टीम में एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी भी होगा। 21 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक आयोजित इस लीग में 18 पुरुष हॉकी मुकाबले और एक प्रदर्शनी महिला हॉकी मैच खेला जाएगा। खिलाड़ियों के लिए कुल 21 लाख रुपए की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विजेता टीम को 11 लाख और उपविजेता को छह लाख रुपए मिलेंगे। दर्शक सभी मुकाबलों का नि:शुल्क आनंद ले सकेंगे। हॉकी के रोमांच के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति और मनोरंजन का भी रंग जमेगा।



21 लाख रुपए की पुरस्कार राशि 
लीग की सबसे बड़ी खासियत प्रत्येक टीम में एक पूर्व ओलंपियन का मार्की खिलाड़ी के रूप में शामिल होना है। इन छह दिग्गज खिलाड़ियों में एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर के नाम शामिल हैं। इन अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से स्थानीय खिलाड़ियों को भी मैदान पर उनके साथ खेलने का अवसर मिलेगा। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए पुरस्कारों की भी आकर्षक व्यवस्था की गई है। कुल 21 लाख रुपए की पुरस्कार राशि में से 17 लाख रुपए विजेता और उपविजेता टीमों के लिए निर्धारित हैं। विजेता टीम को 11 लाख रुपए तथा उपविजेता को छह लाख रुपए दिए जाएंगे। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए अलग-अलग श्रेणियों में कुल चार लाख रुपए के पुरस्कार रखे गए हैं।








हर मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को मिलेंगे दस हजार 
प्रतियोगिता के सभी 18 पुरुष मुकाबलों में प्रत्येक मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को दस हजार रुपए दिए जाएंगे। इस तरह प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कारों पर कुल एक लाख 80 हजार रुपए खर्च होंगे। वहीं, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को एक लाख रुपए का पुरस्कार मिलेगा। सर्वाधिक गोल करने वाले टॉप स्कोरर, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और अंडर-21 वर्ग के उभरते खिलाड़ी को 30-30 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी।



जानें क्या रहेगा टाइम टेबल
हॉकी प्रेमियों के लिए मुकाबलों के समय के साथ मनोरंजन की भी व्यवस्था की गई है। पहला मुकाबला शाम साढ़े पांच बजे और दूसरा मुकाबला शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा। दोनों मैचों के बीच प्रतिदिन मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जो दर्शक स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, वे भी मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे। लीग का लाइव प्रसारण जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर किया जाएगा। स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा।



पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय की होगी प्रस्तुतियां 
लीग का उद्घाटन समारोह में प्रदेश की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली प्रस्तुतियां होंगी। देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। मुख्य आकर्षण पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय की प्रस्तुतियां होंगी। इस अवसर पर हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा।







लोगो, मस्कट और टैगलाइन भी तैयार 
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को प्रदेश की पहचान से जोड़ने के लिए विशेष लोगो, मस्कट और टैगलाइन तैयार की गई है। लीग के लोगो का पहले ही अनावरण किया जा चुका है। इसमें छत्तीसगढ़ के नक्शे के साथ सफेद रंग में हॉकी खेलते हुए खिलाड़ी की आकृति दर्शाई गई है। यह छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की प्रगति और प्रदेश के शांत वातावरण का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ की शान बाघ को लीग का मस्कट बनाया गया है, जिसे 'बघवा' नाम दिया गया है। वहीं, 'चलो रे संगी हॉकी खेलबो' लीग की टैगलाइन रखी गई है। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का विधिवत आयोजन हॉकी इंडिया से संबंधित ऑफिशियल और अधिकारी करेंगे। राजधानी रायपुर में 21 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक हॉकी के रोमांचक मुकाबलों के साथ खेल, संस्कृति और मनोरंजन का अद्भूत संगम देखने को मिलेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed