प्रकाश सिंह बादल बोले- कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला गलत, यूथ अकाली दल ने किया प्रदर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ शपथ ग्रहण करेंगे। हालांकि इसी बीच पंजाब में कमलनाथ के नाम को लेकर विवाद शुरू हो गया है। पंजाब के लुधियाना में युवा अकाली दल के कार्यकर्ताओं विरोध प्रदर्शन किया। यूथ अकाली दल के नेताओं ने रेलवे स्टेशन के पास सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कमलनाथ का पुतला फूंका।
यूथ अकाली दल राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य गुरदीप गोशा ने कहा कि नानावती आयोग सहित कई रिपोर्ट में साबित हो चुका है कि कमलनाथ 1984 दंगों में दोषी रहे हैं लेकिन कांग्रेस ने हर समय उन्हें बचाने का प्रयास किया है।
कांग्रेस के इस फैसले से एक बार फिर से सिखों के जख्म हरे हो गए हैं। इसका खामियाजा कांग्रेस को जरूर चुकाना पड़ेगा। इस मौके पर दंगा पीड़ित एसोसिएशन प्रधान सुरजीत सिंह, कंवलजीत दुआ, बलराज सिंह, बीबी गुरदीप कौर और जसमीत सिंह मक्कड़ सहित कई यूथ नेता मौजूद थे।
Punjab: Youth Akali Dal (YAD) workers protest in Ludhiana following the announcement of Kamal Nath as the Chief Minister of Madhya Pradesh pic.twitter.com/DioWlpPEgw
— ANI (@ANI) December 14, 2018
कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला गलत : बादल
मुक्तसर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही सिख विरोधी कामों को पहल दी है और हमेशा सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। अब कांग्रेस 1984 दंगों के दोषी कमलनाथ को मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का जो फैसला ले रही है, वो भी निंदनीय है। कांग्रेस को अपने इस फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कमलनाथ निर्दोष सिखों की हत्या का आरोपी है। ऐसे व्यक्ति को सिख कौम कभी मुख्यमंत्री के रुप में बर्दाश्त नहीं करेगी। कमलनाथ के साथ वायरल फोटो के बारे में बादल ने कहा कि वह हर रोज अनेकों लोगों के साथ फोटो खिंचवाते हैं लेकिन वह इस बारे में कुछ नहीं जानते। बादल ने राज्य सरकार की ओर से विधानसभा का सेशन दो दिन करने की आलोचना करते हुए कहा कि इससे तो अच्छा है सरकार विधानसभा सेशन बंद ही कर दे।
शिअद के 98वें स्थापना दिवस का जिक्र करते हुए बादल ने कहा कि शिअद का इतिहास कुर्बानियों भरा रहा है। आगे भी शिअद हमेशा देश व सूबे के हितों की रक्षा के लिए कुर्बानियां देने को तैयार है। मुख्यमंत्री की ओर से करतारपुर साहिब मार्ग संबंधी दिए बयान की निंदा करते हुए बादल ने कहा कि कैप्टन को धार्मिक मुद्दों पर सियासत नहीं करनी चाहिए।
अकाली दल कमलनाथ का विरोध करेगा : चंदूमाजरा
श्री आनंदपुर साहिब के सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाकर सिख पंथ को चिढ़ा रही है। कमलनाथ पर 1984 दंगों का आरोप है। चंदूमाजरा रोपड़ के गुरुद्वारा भट्ठा साहिब में अकाली दल के स्थापना दिवस पर आयोजित प्रोग्राम में हिस्सा लेने पहुंचे थे।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अकाली दल कमलनाथ का विरोध करता है। दंगों संबंधी दोबारा खुले 250 केसों की पैरवाई करने के बाद अकाली दल अन्य केसों की पैरवाई भी करेगा। इस दौरान डीएसजीएमसी प्रधान मनजीत सिंह जीके पर मामला दर्ज करने के सवाल पर कहा कि अकाली दल किसी किस्म का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेगा।
इस दौरान सांसद चंदूमाजरा ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पाकिस्तान से तीतर मंगवा सकते हैं। उन्हें पाकिस्तान की ओर चीजें अच्छी लगती है लेकिन करतारपुर कॉरिडोर अच्छा नहीं लग रहा। मुख्यमंत्री को अपना बयान वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर से व्यापार भी खुलेगा और अर्थव्यवस्था भी ठीक होगी।
टकसाली नेताओं द्वारा अलग पार्टी बनाने के सवाल पर चंदूमाजरा ने कहा कि लोग मुड़ कर वापस अकाली दल में ही आते है। उन्होंने कहा कि अकाली दल एक ही ब्रांच और एक ही सिद्धांत है और इसे अलग तौर पर नहीं देखा जा सकता।