चंडीगढ़। वर्ल्ड साइकिल फ्री डे पर बुधवार को प्रशासक धर्मपाल सहित आयुक्त आनिंदिता मित्रा साइकिल से दफ्तर पहुंचीं। वहीं निगम व प्रशासन के कर्मचारी भी साइकिल चलाकर दफ्तर आते दिखे। इस दौरान प्रशासन के कई कर्मचारी व अफसर गाड़ियों से ही दफ्तर आए। उनका कहना था कि दिनभर में काफी बैठकें हैं। सभी जगह साइकिल से जाना संभव नहीं है। वहीं पुलिसकर्मियां ने सुबह साइकिल रैली निकाली।
शहर को कार मुक्त बनाने और साइक्लिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यूटी प्रशासन के अधिकारी बुधवार सुबह सुखना लेक पर जुटे। इस दौरान प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली की शुरुआत की। सलाहकार धर्मपाल, डीजीपी प्रवीर रंजन, यातायात एसएसपी मनीषा चौधरी, एसपी सिटी केतन बंसल, एएसपी श्रुति अरोड़ा समेत अन्य अधिकारियों ने करीब तीन किलोमीटर तक साइक्लिंग कर शहर को कार मुक्त बनाने का संदेश दिया। अधिकारी साइक्लिंग करते हुए सुखना लेक से सेक्टर 3/4 चौक घूमकर गवर्नर हाउस होते हुए वापस लेक तक पहुंचे। कार्यक्रम का आयोजन चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस, साइकिलगिरी संस्था और विभिन्न एनजीओ की ओर से सामूहिक रूप से किया गया था। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि शहर में कारों के बढ़ने से हालात खराब होते जा रहे हैं। प्रदूषण के साथ ट्रैफिक बढ़ रहा है। हमें समाधान का हिस्सा बनना है न कि समस्या का, इसलिए जितना हो सके सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना चाहिए।