डेरा सच्चा सौदा का समर्थन लेने में जुटे शाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डेरा सच्चा सौदा के लाखों श्रद्धालुओं को अपने पक्ष में करने के लिए भाजपा ने पूरा जोर लगाया हुआ है। सोमवार देर रात भाजपा हरियाणा प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय 40 से अधिक नेताओं के साथ डेरे में पहुंचे और संत गुरमीत सिंह राम रहीम इंसां से आशीर्वाद लिया।
मंगलवार को डेरे की राजनीतिक विंग के सदस्य भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मिलने के लिए रानियां अनाजमंडी में पहुंचे। जहां से उन्हें अमित शाह अपनी गाड़ी में बैठकर ले गए। इसे लेकर अब तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
पिछले एक माह से भाजपा डेरे को अपने पक्ष में करने में लगी हुई है। कुछ सप्ताह पूर्व भाजपा के हरियाणा प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय डेरे में पहुंचे और पंजाब के एक मंत्री के रिश्तेदार के सहयोग से डेरा प्रमुख से मिले।
40 से अधिक भाजपा नेता पहुंचे
सोमवार रात को कैलाश विजयवर्गीय प्रदेश के करीब 40 से अधिक भाजपा नेताओं को साथ लेकर डेरा सच्चा सौदा के पास पहुंचे।
इनमें सिरसा से सुनीता सेतिया, डबवाली से देव कुमार शर्मा, कालांवाली से राजेंद्र देसूजोधा, ऐलनाबाद से पवन बैनीवाल, रानियां से जगदीश नेहरा, फतेहाबाद से स्वतंत्र बाला चौधरी, रतिया से सुनीता दुग्गल, टोहाना से सुभाष बराला, इसराना से कृष्ण पंवार, हांसी से छतर पाल सिंह आदि मौजूद थे।
ये लोग करीब 40 मिनट तक डेरे में रहे। बाद में कैलाश विजयवर्गीय ने डेरे से बाहर आते हुए सिर्फ इतना ही कहा कि डेरा प्रमुख से यह राजनीतिक भेंट नहीं थी। मध्यप्रदेश में भी इनका डेरा है जहां वे आते-जाते रहते हैं।
डेरा के राजनीतिक विंग के सदस्य शाह से मिले
अब हरियाणा में है तो आशीर्वाद लेने आए हैं। भाजपा उम्मीदवारों की एक साथ इतनी संख्या में मौजूदगी के बारे में कहा कि ये लोग भी आशीर्वाद लेने आए थे।
डेरा सच्चा सौदा की राजनीतिक विंग के सदस्य राम सिंह चेयरमैन रानियां अनाजमंडी में आयोजित भाजपा की सभा में अमित शाह से मिलने के लिए पहुंचे, लेकिन अमित शाह करीब दो घंटा देरी से आए। बाद में उन्होंने मंच पर आकर पूर्व मंत्री प्रो. गणेशीलाल से मुलाकात की।
अमित शाह जैसे ही भाषण खत्म कर मंच से नीचे उतरे तो राम सिंह की उनसे मुलाकात हुई। इसके बाद वे प्रो. गणेशीलाल के साथ शाह की गाड़ी में सवार हो गए। जहां से वे हैलीपेड तक गए।
डेरा प्रमुख का आशीर्वाद लेने पहुंचे उम्मीदवार
विधानसभा चुनाव में जीत का आशीर्वाद लेने के लिए अधिकतर उम्मीदवार डेरा सच्चा सौदा प्रमुख से मुलाकात कर रहे हैं। मंगलवार शाम तक विभिन्न दलों के उम्मीदवारों ने डेरा प्रमुख से आशीर्वाद लिया।
डेरे की ओर से सभी से बुराइयों से दूर रहने संबंधी घोषणा पत्र भी भरवाया गया। मंगलवार को हरियाणा जनचेतना पार्टी सुप्रीमो विनोद शर्मा, उनके बेटे कार्तिक शर्मा, कांग्रेस उम्मीदवार दिल्लूराम बाजीगर, टोहाना से आजाद उम्मीदवार देवेंद्र बबली, टोहाना से इनेलो उम्मीदवार निशान सिंह, सिरसा से कांग्रेस उम्मीदवार नवीन केडिया, करनाल से इनेलो प्रत्याशी मनोज बधवा, करनाल से आजाद उम्मीदवार सुदेश मतलौडा, कालांवाली से हजकां उम्मीदवार मेला सिंह, भिवानी से सतपाल सांगवान ने डेरा प्रमुख से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।