Haryana News: हंगामेदार होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र, स्वास्थ्य विभाग के सवालों पर फंसा है पेंच
विधानसभा का शीतकालीन सत्र 15 दिसंबर शुक्रवार को शुरू होगा और 19 दिसंबर तक चलेगा। हालांकि दो दिन 16 दिसंबर शनिवार और 17 दिसंबर रविवार को अवकाश रहेगा। सदन की कार्यवाही सोमवार को सुबह 11 बजे शुरू होगी और मंगलवार तक जारी रहेगी। हालांकि सत्रावधि का अंतिम फैसला बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में लिया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र हंगामेदार होगा। विपक्ष गठबंधन सरकार को घेरने की रणनीति बनाने की कवायद में जुट गया है और कांग्रेस ने छह दिसंबर को विधायक दल की बैठक बुला ली है। वहीं, सदन में स्वास्थ्य महकमे से जुड़े सवालों के जवाब में अभी भी पेंच फंसा है। प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अपने स्टैंड पर कायम हैं कि और वह पिछले डेढ़ माह से अधिक समय से स्वास्थ्य विभाग की कोई फाइल नहीं देख सके हैं। अगर सत्र से पहले विज की नाराजगी दूर नहीं की गई तो सदन में स्वास्थ्य विभाग को लेकर सरकार का घिरना तय है, क्योंकि विपक्षी दल लगातार स्वास्थ्य विभाग को लेकर अपने सवाल तैयार करने में जुट गए हैं। ऐसे में दोबारा से विज की मानमनौव्वल शुरू होने की संभावना है।
संभावना है कि 15 दिसंबर से शीतकालीन सत्र शुरू होगा। सरकार विपक्ष के सवालों का माकूल जवाब देने के लिए रणनीति बनाने में जुटी हुई है। भाजपा विधायक दल की बैठक में मंत्रियों व विधायकों के साथ विपक्ष के हमलों का जवाब देने की योजना तैयार की जाएगी। वहीं सदन में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सवालों के जवाब को लेकर अभी भी संशय बरकरार है, क्योंकि अभी तक गृह मंत्री और सीएमओ के बीच चल रही तल्खी सुलझ नहीं पाई है। वहीं विज भी पिछले डेढ़ महीने से महकमे की फाइलों को नहीं देख रहे हैं। हालांकि इस बीच मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज की मुलाकात हो चुकी है।
पिछले दिनों मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा था कि उनकी अनिल विज के साथ बैठक हो चुकी है। इस विषय पर विस्तार में कई मुद्दों पर चर्चा की गई है। जल्द ही इस मामले का समाधान कर लिया जाएगा। लेकिन विवाद अभी भी खत्म नहीं हुआ है। विज की नाराजगी बरकरार है। सत्र से पहले मामला नहीं सुलझा तो तय है कि विज सदन में स्वास्थ्य विभाग के किसी सवाल का जवाब नहीं देंगे। बता दें कि अनिल विज मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बड़े अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेने से नाराज हैं।
सदन में गूंजेगा जहरीली शराब से मौत का मामला, कांग्रेस 6 को करेगी मंथन
विधानसभा में यमुनानगर में जहरीली शराब से मौत का मामला गूंजेगा तो उचाना के राजकीय कन्या विद्यालय में छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न मामले में विपक्ष सरकार को घेरेगा। इसके साथ ही किसानों को बाढ़ के दौरान फसल का मुआवजा सहित अन्य ज्वलंत मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की रणनीति में जुटा हुआ है। कांग्रेस आगामी 6 दिसंबर को विधायक दल की बैठक में सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों पर विचार-विर्मश करेगी। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधायकों द्वारा ध्यानाकर्षण एवं काम रोको प्रस्ताव को लेकर दिए जाने वाले मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
15 से 19 दिसंबर के बीच चलेगा शीतकालीन सत्र
विधानसभा का शीतकालीन सत्र 15 दिसंबर शुक्रवार को शुरू होगा और 19 दिसंबर तक चलेगा। हालांकि दो दिन 16 दिसंबर शनिवार और 17 दिसंबर रविवार को अवकाश रहेगा। सदन की कार्यवाही सोमवार को सुबह 11 बजे शुरू होगी और मंगलवार तक जारी रहेगी। हालांकि सत्रावधि का अंतिम फैसला बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में लिया जाएगा।