हरियाणा में प्रशासनिक फेरबदल: दो आईएएस, 14 एचसीएस के तबादले, अमरजीत मान को गृह विभाग का भी जिम्मा
हरियाणा सरकार ने रविवार को प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने दो आईएएस व 14 एचसीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। आईएएस शांतनु को सोनीपत का अतिरिक्त उपायुक्त बनाया गया है।
विस्तार
हरियाणा सरकार ने तुरंत प्रभाव से दो आईएएस और 14 एचसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किया है। पर्यटन विभाग के निदेशक अमरजीत सिंह मान को गृह-1 विभाग का विशेष सचिव भी लगाया गया है। नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे शांतनु शर्मा सोनीपत के अतिरिक्त उपायुक्त सह जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी होंगे।
स्थानांतरित एचसीएस अधिकारियों में जयदीप कुमार को रेवाड़ी का अतिरिक्त उपायुक्त सह जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी लगाया गया है। नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे सतीश कुमार जैन अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) स्वास्थ्य सेवाएं व आयुष्मान भारत हरियाणा स्वास्थ्य संरक्षण प्राधिकरण, पंचकूला के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी होंगे।
डॉ. सुशील कुमार-2 को जिला परिषद व डीआरडीए करनाल का मुख्य कार्यकारी अधिकारी लगाया है। ममता जिला नगर आयुक्त, कुरुक्षेत्र होंगी। मीनाक्षी राज को विजिलेंस अधिकारी, हैफेड व जिला परिवहन अधिकारी सह सचिव आरटीए, पंचकूला लगाया गया है। जगदीप सिंह हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, हिसार के जोनल प्रशासक लगाए गए हैं।
रविंद्र यादव को वर्तमान कार्यभार के अलावा जिला परिषद व डीआरडीए रेवाड़ी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की जिम्मेदारी मिली है। नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे मनीष कुमार लोहान को कैथल व कलायत का एसडीएम लगाया है। डॉ. पूजा भारती को हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, करनाल के जोनल प्रशासक का कार्यभार भी देखेंगी।
सुमित सिहाग को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, करनाल के संपदा अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। अश्विर सिंह को हिसार व वीरेंद्र सिंह ढुल को बिलासपुर का एसडीएम लगाया है। जसपाल सिंह नगर निगम, यमुनानगर के संयुक्त आयुक्त होंगे। दिलबाग सिंह को रादौर का एसडीएम लगाया गया है।
असम-मेघालय के आईएएस शांतनु शर्मा हरियाणा कैडर में शामिल
हरियाणा के आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) कैडर में एक और अधिकारी शामिल हो गया है। यह 2015 बैच के आईएएस अधिकारी शांतनु शर्मा हैं। इनका विवाह हरियाणा कैडर की 2020 बैच की महिला आईएएस सी जयशरधा से हुआ है। शांतनु इस कारण अब असम-मेघालय के बजाय हरियाणा कैडर में सेवाएं देंगे।
करीब तीन माह पूर्व 29 अक्तूबर 2021 को केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने आईएएस कैडर नियम, 1954 के अंतर्गत शांतनु के कैडर परिवर्तन के बारे में अधिसूचना जारी की थी। उसमें यह उल्लेख है कि इस प्रस्ताव पर असम, मेघालय और हरियाणा सरकार ने सहमति प्रदान कर दी है। शांतनु मूलरूप से झारखंड के निवासी हैं, जबकि जयशरधा तमिलनाडु से हैं। वह वर्तमान में कुरुक्षेत्र में सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनिंग) के पद पर तैनात हैं।
इससे पहले वर्ष 2021 में 2015 बैच की महिला आईएएस अधिकारी नेहा भी हरियाणा कैडर में शामिल हुई थीं, क्योंकि उनका हरियाणा कैडर के 2015 बैच के आईएएस राहुल हुड्डा से विवाह हुआ है। नेहा गुजरात से हरियाणा में इंटर-कैडर ट्रांसफर पर आई हैं। कुछ दिन पूर्व ही नेहा को सिरसा जिले में जिला नगर आयुक्त तैनात किया गया है। राहुल गत वर्ष नवंबर से सिरसा में एडीसी के पद पर तैनात हैं।