कांग्रेसी वर्कर का मंत्री आशु पर पगड़ी उतारने का आरोप, हरसिमरत बोलीं-आयोग में करेंगे शिकायत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हलका दाखा से कांग्रेसी प्रत्याशी कैप्टन संदीप संधू के मुख्य दफ्तर में शनिवार की शाम जमकर हंगामा हुआ। जब समझौते के लिए आए कांग्रेस के दो गुट मंत्री भारत भूषण आशु की मौजूदगी में उलझ गए। हाथापाई में एक दूसरे की पगड़ियां भी उतर गई। इस दौरान एक युवक दफ्तर से बाहर निकल कर फिरोजपुर रोड पर धरने पर बैठ गया।
उसने सीधे मंत्री आशु पर आरोप जड़ा कि उन्होंने उसकी पगड़ी उतारकर मारपीट की है। दाखा पुलिस ने युवक और उसके एक साथी को हिरासत में लेकर लूटपाट और मारपीट करने का मामला दर्ज कर लिया है।
कुछ दिन पहले जिला परिषद सदस्य कुलदीप सिंह ने कुछ अकाली दल के वर्करों को पार्टी में शामिल किया था। इस बात को लेकर गांव निवासी कांग्रेसी वर्कर गुरसेवक सिंह गोरा और तरनजीत सिंह को एतराज था कि उनसे क्यों नहीं पूछा गया।
इसे लेकर कांग्रेस में गुटबाजी शुरू हो गई। इस गुटबाजी को खत्म करने के लिए शनिवार को लुधियाना मेयर समझौता कराने के अपनी गाड़ी में दोनों पक्षों को बैठाकर दाखा मुख्य दफ्तर लेकर गए थे। दफ्तर के अंदर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया और बात हाथापाई पर आ गई।
हाथापाई में दोनों पक्षों की पगड़ियां उतर गई। कांग्रेसी वर्कर गुरसेवक सिंह खुले केशों के साथ फिरोजपुर रोड पर बैठ गया। उसने शोर मचाना शुरू कर दिया कि मंत्री आशु ने उसकी पगड़ी उतारी है और मारपीट की है। इसके ठीक सामने शिअद प्रत्याशी अयाली का दफ्तर था, इसलिए यह मामला और गरमा गया।
थाना दाखा पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों कांग्रेसी वर्करों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कांग्रेसी वर्कर गुरसेवक सिंह और तरनजीत सिंह के खिलाफ जिला परिषद सदस्य कुलदीप सिंह की शिकायत पर लूटपाट और मारपीट करने का मामला दर्ज कर लिया है।
आशु के खिलाफ आयोग में करेंगे शिकायत: हरसिमरत
कांग्रेसी वर्कर की पगड़ी उतरने को लेकर अकाली दल ने हलके में एक मुद्दा बना दिया है। रविवार को हलका दाखा पहुंची सांसद हरसिमरत कौर बादल ने साफ कहा कि चाहे कांग्रेसी वर्कर क्यों न हो, केशों की बेअदबी सहन नहीं होगी।
उन्होंने कहा भारत भूषण आशु की मनमानी बढ़ती जा रही है। नगर निगम चुनाव के दौरान भी उन्होंने मनमानी की थी। वह चुनाव आयोग को शिकायत भेजकर मांग करेगी कि मंत्री आशु को हलका दाखा से बाहर किया जाए। उनके इस हलके में आने पर रोक लगाई जाए।