हरियाणा में होगी सख्ती : 24 घंटे में 872 कोरोना पॉजिटिव मिले, सरकार ने बनाई जांच, निगरानी-इलाज की रणनीति
- सीएम ने कोरोना स्थिति पर की उच्च स्तरीय बैठक, कहा- एसओपी को सख्ती से लागू करें
- अनिल विज बोले- अभी कर्फ्यू व लॉडकाउन की जरूरत नहीं, जागरुकता-सतर्कता जरूरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में शुक्रवार को कोरोना के 872 नए केस मिले हैं। पिछले चार माह में एक दिन में यह संक्रमण का सर्वाधिक आंकड़ा है। संक्रमितों की बढ़ती संख्या को रोकने के लिए हरियाणा सरकार टेस्ट, ट्रैक एंड ट्रीट रणनीति अपनाएगी। इसके तहत मास्क न लगाने वालों पर सख्ती बरतने के लिए बड़े स्तर पर चालान अभियान चलाया जाएगा।
जांच तेज की जाएगी। निगरानी और टीकाकरण पर जोर दिया जाएगा। वहीं, गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश सरकार अभी लॉकडाउन और कर्फ्यू लगाने के समर्थन में नहीं है। जागरुकता और सतर्कता से कोरोना से लड़ाई लड़ी जाएगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को प्रशासनिक सचिवों, जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, नगर निगम आयुक्तों और अन्य अधिकारियों के साथ कोविड-19 की स्थिति व टीकाकरण पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा बैठक की। इसमें स्वास्थ्य एवं गृह मंत्री अनिल विज भी शामिल रहे।
सीएम ने कहा कि हाल ही में कोविड-19 के मामलों में हुई वृद्धि को नियंत्रित करने के लिए जिला, खंड और गांव स्तर पर ‘टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट’ रणनीति को प्रभावी ढंग से अपनाया जाए। कोविड-19 के प्रबंधन की तैयारियों में तेजी लाने, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, क्लीनिकल मैनेजमेंट पर अधिक ध्यान केंद्रित करने, कड़ी निगरानी के साथ-साथ जन-जागरुकता गतिविधियां बढ़ाई जाएं। सोशल डिस्टेंसिंग मानदंडों और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन कराया जाए।
एनसीआर के बजाय जीटी बेल्ट के जिले संक्रमण के केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार एनसीआर के बजाय जीटी बेल्ट के जिलों में कोरोना के ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इन जिलों के साथ-साथ अन्य सभी जिलों में भी संक्रमण के फैलाव को रोकने की प्रभावी रणनीति बनाई जाए।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर आमजन से आग्रह किया कि बाहर जाने से बचें और घर पर ही त्योहार मनाएं। सीएम ने जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए कि यदि आवश्यक हो तो माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित करें। जनजागरुकता अभियान में गैर-सरकारी संगठनों, पंचायतों, स्वयंसेवकों और आरडब्ल्यूए की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
चार जिलों में जांच हो रही कम : विज
स्वास्थ्य एवं गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश को कोरोना से बचाने के लिए दवाई और कड़ाई दोनों काम एक साथ करने पड़ेंगे। फतेहाबाद, जींद, महेंद्रगढ़ और पलवल समेत कुछ जिलों मे कोरोना जांच बहुत कम हो रही है। यहां जांच और टीकाकरण में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि निगरानी हो रही है कि कौन से जिलों में अधिकारी सही से जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसका डाटा रोज आता है। विज ने कहा कि वैक्सीन का स्टॉक पूरा है। आइसोलेशन वार्ड, मास्क, दवाइयों की भी कोई कमी नहीं है।
संक्रमण दर 4.65 प्रतिशत, रिकवरी दर 97.31 प्रतिशत
हरियाणा में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वहीं, शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में एक मरीज की मौत हो गई। प्रदेश में संक्रमण से अब तक 3090 मौतें हो चुकी हैं। अभी 75 मरीजों की हालत गंभीर हैं। इनमें से 62 ऑक्सीजन सपोर्ट और 13 वेंटिलेटर पर हैं। इस समय मरीजों के ठीक होने की दर 97.31 प्रतिशत और संक्रमण दर 4.65 प्रतिशत है।
वहीं, शुक्रवार को 57510 लोगों ने कोरोना का पहला टीका, जबकि 3434 ने दूसरा टीका लगवाया है। शुक्रवार को गुरुग्राम में सबसे अधिक 184, पंचकूला में 166 और करनाल में 114 मामले सामने आए। अंबाला में 88, कुरुक्षेत्र में 85, यमुनानगर में 59 और फरीदाबाद में 34 केस मिले हैं। नूंह, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और पलवल में कोई नया मामला नहीं मिला है। शेष जिलों में 30 से नीचे केस हैं।