झोपड़ी में लगी आग, सो रहे तीन मासूम जिंदा जले, माता-पिता रो-रो कर बेहाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नूरपुरबेदी-रोपड़ मार्ग पर स्थित नई आबादी मोहल्ला में एक झोपड़ी में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से तीन मासूम जिंदा जल गए। घटना के समय माता-पिता घर पर नहीं थे और बच्चे सो रहे थे। मां जाते हुए झोपड़ी का दरवाजा बाहर से बंद कर गई थी। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद शहर का रहने वाला राजकुमार राज मिस्त्री का काम करता है। वह दिहाड़ी पर गया था। उसकी पत्नी जूली अपने तीन बच्चों को झुग्गी में सोते हुए छोड़कर लकड़ियां लाने गई थी। दोपहर करीब ढाई बजे अचानक झुग्गी में आग लग गई। आसपास के लोगों ने मोटर चलाकर पानी का प्रबंध किया और 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया।
जब वे अंदर पहुंचे तो पांच वर्षीय मासूम शिवम की मौके पर मौत हो गई थी। लोगों ने बुरी तरह झुलसी चार वर्षीय रोशनी और दो वर्ष के बिराज को सरकारी अस्पताल सिंहपुर पहुंचाया। हालत नाजुक देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। सिराज ने रास्ते में दम तोड़ दिया और रोशनी की कुछ देर के बाद पीजीआई में मौत हो गई।
पीड़ित परिवार की रिश्तेदार सीना ने बताया कि लकड़ियां लेने गई मां सो रहे बच्चों की हिफाजत के लिए जाते समय झुग्गी का दरवाजा लगाकर गई थी। उसने रोते हुए कहा कि अगर दरवाजा न लगा होता तो शायद बच्चे बच सकते थे।
सभी ने की मदद
मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार हरिंद्रजीत सिंह और थाना प्रभारी राजीव चौधरी ने बच्चों के इलाज के लिए पांच-पांच हजार रुपये दिए। आसपास के लोगों ने भी पैसे इकट्ठे कर बच्चों के पिता को दिए। हालांकि बच्चे बच नहीं पाए। थाना प्रभारी का कहना है कि आग शार्ट सर्किट से लगने की बात सामने आ रही है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है।