दूसरे राज्यों से चंडीगढ़ आने वालों को किया जाएगा क्वारंटीन, लेकिन इन लोगों को मिलेगी राहत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ में अन्य राज्यों से आने वाले लोगों को अब 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा। हालांकि, मोहाली और पंचकूला सहित पड़ोसी क्षेत्रों में रहने वाले वह लोग जो सरकारी ड्यूटी व अनिवार्य सेवाओं में लगे हैं, उन्हें इससे राहत रहेगी।
केंद्र सरकार के निर्देश पर इस व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा। शनिवार को इस बारे में प्रशासक वीपी सिंह बदनौर के साथ हुई बैठक में भी चर्चा की गई।
प्रशासक बीपी सिंह बदनौर ने बैठक में जीएमसीएच-32, जीएमएसएच-16 और पीजीआई के प्रमुखों को आदेश दिए कि कोरोना के अलावा अन्य गंभीर मरीजों को भी प्राथमिकता के तौर पर देखा जाए। वास्थ्य सचिव ने बताया कि कोरोना टेस्ट के लिए चंडीगढ़ को केंद्र से 4800 रैपिड टेस्टिंग किट मिल गई हैं, जिन्हें डॉक्टरों से सलाह से बाद उपयोग में लाया जाएगा।
बदनौर ने कहा कि अस्पतालों के अंदर स्वच्छता और सैनिटाइजेशन का खासतौर पर ध्यान रखा जाए ताकि अस्पतालों में आने वाले किसी भी अन्य मरीज को संक्रमण न हो। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि घर से निकलने से पहले मास्क जरूर पहनें।
स्वच्छता का ध्यान रखें। उन्होंने प्रशासन के अधिकारियों को आदेश दिए कि कोरोना के नए मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की जल्द से जल्द पहचान की जाए और उन्हें क्वारंटीन किया जाए।
चंडीगढ़ कंटेनमेंट एरिया घोषित: मनोज परिदा
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पूरे शहर को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। यह जानकारी प्रशासक के एडवाइजर मनोज परिदा ने ट्विटर के माध्यम से दी है। उन्होंने कहा कि शहर में कोरोना का फैलाव किसी एक गांव, क्षेत्र या कलस्टर तक सीमित नहीं है इसलिए पूरे शहर को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
केंद्र सरकार के निर्देशों पर प्रशासन की तरफ से कंटेनमेंट प्लान भी तैयार किया जा रहा है। जारी होने वाले हिदायतों के अनुसार ही संबंधित विभागों के अधिकारी कार्य करेंगे। इसके अनुसार प्रशासन की तरफ से दी गई कुछ छूट को प्रशासन की तरफ से रद्द किया जा सकता है। हालांकि शहर में कोरोना के फैलाव को देखते हुए पहले से ही कर्फ्यू और कोरोना हॉटस्पॉट घोषित किया जा चुका है। इसलिए शहरवासियों को कुछ ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
कल मंडी बंद, सीटीयू बसों से भी नहीं होगी फल-सब्जियों की सप्लाई
प्रशासक के साथ बैठक में बताया गया कि सोमवार को सेक्टर-26 की होलसेल मंडी बंद रहेगी। इस दौरान यहां साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन का काम होगा। शहर में सीटीयू की बसों के माध्यम से सब्जी और फल की सप्लाई भी सोमवार को नहीं होगी।
लोगों को सलाह दी गई है कि वह अपने अनिवार्य चीजों के लिए पास की मार्केट में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे के बीच जाकर खरीदारी कर सकते हैं। इसके अलावा सुबह 9 से लेकर रात 9 बजे तक अनिवार्य सेवाओं की होम डिलीवरी विभिन्न माध्यमों से जारी रहेगी।
बैठक में प्रशासक को यह भी बताया गया कि सेक्टर-39 की मंडी में गेहूं की खरीद जारी है। अब तक 300 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है।
गेहूं की पिसाई के लिए खुलेंगे आटा मिल
वित्त सचिव एके सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत अब तक शहर के 13,500 परिवारों को गेहूं और दाल मुहैया कराई जा चुकी है। इस पर प्रशासक ने आदेश दिए कि शहर के सभी आटा मिल को खोला जाए, ताकि जिन व्यक्तियों को गेहूं मिला है, वह उनकी पिसाई करा सकें।
केंद्र सरकार की इस योजना के तहत शहर के करीब 64,000 परिवारों को गेहूं और दाल दिया जाना है। इसके अलावा प्रशासन ने शनिवार को शहर की कॉलोनियों में रहने वाले गरीब परिवारों जिनके घर एक साल से कम उम्र के बच्चे हैं, उनके घर तक मिल्क पाउडर पहुंचाया।
नगर निगम के कमिश्नर केके यादव और मेयर राजबाला मलिक ने शहर की विभिन्न कॉलोनियों में जाकर जरूरतमंद घरों तक यह मिल्क पाउडर पहुंचाया।