फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   The teachings of Guru Tegh Bahadur Ji, the protector of humanity, have had a profound impact on human life.

Chandigarh News: मानवता के संरक्षक गुरु तेग बहादुर जी की शिक्षाओं का मानव जीवन पर गहरा प्रभाव

Sun, 26 Oct 2025 08:08 PM IST
Chandigarh Bureau चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Sun, 26 Oct 2025 08:08 PM IST
विज्ञापन
The teachings of Guru Tegh Bahadur Ji, the protector of humanity, have had a profound impact on human life.
प्रो. सरचांद सिंह खियाला
विज्ञापन

सिख धर्म के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी का जीवन त्याग, तप, मानवता और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक माना जाता है। धर्म, मानवाधिकार और निष्पक्षता की रक्षा के लिए दिया गया उनका योगदान न केवल सिख इतिहास बल्कि विश्व इतिहास में भी अद्वितीय है। गुरु तेग बहादुर जी की शिक्षाएं आज भी मानव जीवन को आध्यात्मिक, नैतिक और सामाजिक आधार प्रदान करती हैं और आधुनिक समय में भी उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी तीन शताब्दी पहले थीं।
गुरु तेग बहादुर साहिब ने मानव जीवन को सत्य, धैर्य, नम्रता, त्याग और साहस जैसे मूल्यों से जोड़ने की प्रेरणा दी। उनका उपदेश था कि सच्चा मनुष्य वह है जो सत्य के मार्ग पर डटकर खड़ा रहे और कमजोरों की रक्षा के लिए अपनी शक्ति और जीवन तक समर्पित कर सके। इसी कारण उन्हें हिंद दी चादर कहा गया, क्योंकि उन्होंने कश्मीर के हिंदुओं, पंडितों और आम जनता के धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया। यह संदेश आज भी समाज को यह सिखाता है कि धर्म का वास्तविक अर्थ है सबके अधिकारों का सम्मान।
विज्ञापन

गुरु साहिब की बाणी में मन की शुद्धता और आत्मबल पर विशेष बल मिलता है। मन जीते जग जीते... का उपदेश मनुष्य को यह संदेश देता है कि यदि वह अपने मन, इच्छाओं और कमजोरियों पर विजय प्राप्त कर ले तो संसार की हर चुनौती को पार कर सकता है। आज की भागदौड़ भरी, तनावपूर्ण और प्रतिस्पर्धा से भरी जिंदगी में यह शिक्षा मानसिक संतुलन, संयम और सकारात्मक सोच का सबसे महीन सूत्र प्रस्तुत करती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

उनकी शिक्षाओं में त्याग और सेवा दो ऐसे स्तंभ हैं जो मानव धर्म को मजबूत बनाते हैं। गुरु तेग बहादुर जी ने बाणी में बताया कि दूसरों के लिए जीना ही सच्चा जीवन है। बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंद की सहायता करना, पीड़ित के आंसू पोंछना और समाज में न्याय की स्थापना करना, यही सच्चे धर्म का मार्ग है। उनकी यह शिक्षा आज के दौर में नफरत, हिंसा और स्वार्थ की विभाजनकारी प्रवृत्तियों के बीच मानव-एकता, भाईचारे और करुणा का संदेश देती है।
गुरु साहिब की बाणी में संसार की अस्थिरता और माया के मोह से ऊपर उठकर आध्यात्मिक जिजीविषा पर बल मिलता है। मनुष्य को यह संदेश दिया गया कि जीवन केवल सांसों का चलना नहीं, बल्कि ईश्वर के नाम से जुड़कर आत्मिक शांति प्राप्त करना ही उसका वास्तविक उद्देश्य है। यह विचारधारा आधुनिक मनुष्य को मानसिक स्वास्थ्य, संतुलित जीवन और सकारात्मक दृष्टिकोण की ओर प्रेरित करती है।
उनकी शिक्षाओं का एक महत्वपूर्ण स्वर मानवाधिकार है। गुरु तेग बहादुर जी ने यह सिद्ध किया कि स्वतंत्रता सिर्फ अपनी नहीं सबकी होनी चाहिए। आज जब विश्व में कहीं भी मानव अधिकारों का हनन होता है जब किसी के धर्म, विचार या अस्तित्व पर प्रहार किया जाता है, तब गुरु साहिब का आदर्श दुनिया को यह याद दिलाता है कि सत्य और न्याय के लिए डट जाना ही सच्ची परंपरा और सच्चा साहस है।

गुरु तेग बहादुर जी की शिक्षाएं न केवल सिख समुदाय की धरोहर हैं, बल्कि समूची मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। उनका जीवन सिखाता है कि धर्म वही जो मनुष्यता की रक्षा करे, जीवन वही जो साहस और करुणा से भरा हो और सफलता वही जो आत्मबल के साथ सत्य का साथ निभाए। आज के समय में, जब समाज को फिर से मानवीय मूल्यों, आपसी प्रेम, शांतिपूर्ण सहअस्तित्व और धार्मिक समानता की जरूरत है, गुरु साहिब की शिक्षाएं एक अनंत प्रकाश-स्तंभ की तरह हमें राह दिखाती हैं।
---
(लेखक इतिहासकार व पंथक मामलों में जानकार हैं।)
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed