समुदाय विशेष के लड़के पर युवती को अगवा करने का आरोप, हरियाणा के यमुनानगर में तनाव
हरियाणा के यमुनानगर में एक व्यक्ति ने समुदाय विशेष के युवक पर अपनी बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया है। मामला दो समुदायों के बीच होने की वजह से क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि तनाव जैसी कोई बात नहीं है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार करके लड़की को बरामद कर लिया जाएगा।
पुलिस को दी शिकायत में युवती के पिता ने आरोप लगाया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे उनकी 19 वर्षीय बेटी का समुदाय विशेष के एक युवक ने अपहरण कर लिया। आरोप है कि युवक के साथ साजिश में उसकी बहन और कुछ अन्य साथी शामिल हैं। दूसरी ओर, युवती ने अपने परिजनों के नाम एक चिट्ठी छोड़ी है। इसमें उसने लिखा है कि वह अपनी मर्जी से जा रही है।
मगर युवती के पिता का कहना है कि उसकी बेटी पर दबाव डालकर यह पत्र लिखवाया गया है। मामले की संजीदगी के चलते एडीजीपी आलोक राय मंगलवार सुबह अंबाला से यमुनानगर पहुंचे और कार्यवाहक एसपी आस्था मोदी को बुलाकर बातचीत की। उन्होंने पुलिस को लड़की को बरामद करने के निर्देश दिए।
मामले की जांच में यमुनानगर पुलिस की जगह अंबाला पुलिस के अफसर लगाए गए। इससे पहले लड़की को अगवा करने का मामला पता चलते ही कई संगठनों के लोग रात को हमीदा पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपियों पर कार्रवाई को लेकर हंगामा किया। मामला तूल पकड़ने पर पुलिस ने देर रात ही किडनैपिंग, षड्यंत्र और चोरी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
अपहृत लड़की के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी जिस ब्यूटीपार्लर में कार्य करती थी, वहां की कुछ लड़कियां भी उसके अपहरण में शामिल हैं। आरोपियों ने साजिश के तहत उनकी लड़की से घर से सामान चोरी करवाया, जिसमें लगभग छह-सात तोले सोने के गहने और 40-50 हजार रुपये नगदी है।
उन्हें शक है कि आरोपी ने उनकी बेटी को अपने रिश्तेदारों व दोस्तों के रिश्तेदारों में दूसरे शहर भेज दिया है। आरोपी उसे विदेश भेजने की फिराक में हैं। आरोप है कि युवक उनकी लड़की से फोन पर भी बातें करता था।
बेटी पर दबाव डालकर पत्र लिखवाया
आरोपी युवक के साथ गई लड़की अपने परिजनों के नाम चिट्ठी छोड़कर गई है, जिसमें लिखा है कि वह अपनी मर्जी से जा रही और उसके लिए परिवारवाले तंग न हो। लड़की के पिता ने पत्र पुलिस अधिकारियों को सौंप दिया है। पिता का कहना है कि उसकी बेटी पर दबाव डालकर पत्र लिखवाया होगा।
उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए। वहीं, देर शाम पुलिस ने युवक के जानकार कई लोगों को उठाया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि आधिकारिक तौर पर किसी भी अधिकारी ने इस केस से संबंधित गिरफ्तारी से इनकार किया है।
हमीदा में तनाव जैसी कोई बात नहीं है। स्थिति को बातचीत कर नियंत्रण में कर लिया गया है। पुलिस परिवार के संपर्क में है। जैसे ही पुलिस को मामले की जानकारी मिली, तुरंत कार्रवाई की गई। युवती और आरोपियों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही युवती और आरोपियों का पता कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - आलोक राय, एडीजीपी