चरणजीत सिंह चन्नी: 10 अक्टूबर को बेटे की शादी, कार्ड में छपा कैबिनेट मंत्री, किस्मत ऐसे बदली कि बन गए मुख्यमंत्री
10 अक्टूबर को पंजाब के नए मुख्यमंत्री बनने वाले चरणजीत सिंह चन्नी के बेटे की शादी है। शादी के कार्ड छप चुके है। कई जगह बंट भी चुके हैं। इन कार्ड्स में चरणजीत सिंह चन्नी का पद कैबिनेट मंत्री लिखा है लेकिन किस्मत ऐसे बदली की वो अब मुख्यमंत्री बनने वाले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के नए मुख्यमंत्री के लिए चरणजीत सिंह चन्नी के नाम की खबर आते ही खरड़ के लोग खुशी से झूम उठे और उनको और उनके परिवार को बधाई देने के लिए भारी संख्या में उनके घर की तरफ चल पड़े। चरणजीत सिंह चन्नी अपने नाम की घोषणा आने से थोड़ी देर पहले ही चंडीगढ़ चले गए थे लेकिन जैसे ही शाम को करीब छह बजे उनके नाम की कांग्रेस हाई कमान ने दिल्ली से विधिवत घोषणा की तो एक बार तो उनके परिवार समेत शहर के सभी लोग खुशी से आश्चर्य चकित रह गए।
मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की खबर आते ही चरणजीत सिंह चन्नी का परिवार चंडीगढ़ रवाना हो गया। चरणजीत सिंह चन्नी के घर पर सिर्फ उनकी बड़ी बहन मोहिनी ही मौजूद थीं जो कि सभी आने वालों से बधाई स्वीकार कर रही थीं। चन्नी के मुख्यमंत्री बनने की खबर फैलते ही शहर के अनेक लोग, उनके प्रशंसक, दोस्त, पड़ोसी और समर्थक बड़ी संख्या में उनके घर के बाहर एकत्रित हो गए और ढोल की थाप पर नाचने लगे।
लोगों ने बांटी मिठाई।
सुरक्षा की दृष्टि से एसपी मोहाली रवजोत कौर ग्रेवाल, डीएसपी मोहाली हेड क्वार्टर मनजीत सिंह, डीएसपी पाल सिंह और डीएसपी खरड़, एसएचओ खरड़ सिटी अशोक कुमार टीम के साथ चन्नी के घर के बाहर पहुंचे और सभी रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
सुबह से ही था चन्नी के घर खुशी का माहौल, 10 अक्तूबर को है बेटे की शादी
चरणजीत सिंह चन्नी के पंजाब के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा औपचारिक तौर पर शाम को करीब छह बजे हुई लेकिन उनके घर पर सुबह से ही खुशी का माहौल था और पूरा घर फूलों से एक दिन पहले ही सजाया जा चुका था। क्योंकि चरणजीत सिंह चन्नी के बड़े बेटे नवदीप सिंह का विवाह अगले महीने 10 अक्तूबर को है।
इसी खुशी में उन्होंने अपने घर पर शुक्रवार को पाठ रखवाया था। जिसका आज भोग डालने के बाद सुबह से दोपहर तक धार्मिक कीर्तन होता रहा और इसके बाद सभी नजदीकी रिश्तेदारों तथा शहरवासियों को दोपहर के लंच पर आमंत्रित किया गया था। चरणजीत सिंह चन्नी सामान्य तौर पर सभी मेहमानों से मिल रहे थे। उनकी रिश्तेदार और मंत्री अरूणा चौधरी भी इस मौके पर अपने परिवार समेत चन्नी के आवास पर मौजूद थीं।
चरणजीत सिंह चन्नी के घर के बाहर जुटे लोग।
यह भगवान का आशीर्वाद है
यह खुशी परिवार के लिए भगवान का बहुत बड़ा आशीर्वाद है। परिवार का ध्यान तो बेटे की शादी में लगा हुआ था। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि हमारे घर में शादी से पहले ही एक बड़ी खुशखबरी और मिल जाएगी। शादी के कार्डों पर चरनजीत सिंह चन्नी कैनिबेट मंत्री पंजाब छप चुका है। कई जगह शादी के कार्ड बांटे जा चुके हैं। अब परिवार वाले विचार कर रहे हैं कि शादी के नए कार्ड मुख्यमंत्री के नाम वाले छपवाए जाएंगे। हाईकमान ने जो उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, वह अच्छी तरह निभाएंगे। - डॉ. कमलजीत कौर, चरणजीत सिंह चन्नी की पत्नी
पापा पूरी तरह से राजनीति को समर्पित
मैंने अपने पापा को अक्सर देर रात तक किताबें पढ़ते हुए देखा है। वह देर रात तक राजनीति से जुड़ी किताबों का अध्ययन करते रहते हैं। अभी तक वह किसी न किसी एग्जाम में बैठते रहते हैं। इसके अलावा समाजसेवा कर लोगों का दर्द दूर करने को प्राथमिकता देते हैं। पूरा परिवार उनके मुख्यमंत्री बनने पर खुश है। - नवदीप सिंह, चरनजीत सिंह चन्नी के बेटे