बटाला ब्लास्टः घायलों से मिले सनी देओल, बोले-खुद को अकेला न समझे घायल, मैं आपके साथ हूं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरदासपुर से सांसद सनी देओल ने बटाला फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में कहा कि मृतकों को दो या चार लाख मुआवजा देना मायने नहीं रखता। घायलों को बढ़िया सेहत सेवाएं मिलें, यह जरूरी है। सनी देओल गुरुवार को गुरुनानक देव अस्पताल में भर्ती घायलों से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने मरीजों से बातचीत में कहा कि वे खुद को अकेला न समझें। मैं उनके साथ हूं। मरीजों की हर संभव मदद करूंगा।
सनी ने सरकारी मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. सुजाता शर्मा को निर्देश दिया कि वे मरीजों की सेवा में कोई कमी न रखें। सनी देओल सर्जिकल वार्ड पहुंचे। यहां उपचाराधीन एक मरीज के सिर पर गहरी चोट आई है। पता चला कि अस्पताल में न्यूरोसर्जन नहीं है, इसलिए इसकी सर्जरी नहीं हो पा रही। सर्जरी विभाग के डॉ. राकेश शर्मा ने बताया कि शहर के केडी अस्पताल में न्यूरोसर्जन डॉ. जयंत चावला है जिनके पास आज ही एक मरीज को भेजा गया है।
इस पर सनी ने फोन पर डॉ. जयंत से बात की और कहा कि एक मरीज को आपकी जरूरत है। किसी भी चीज की जरूरत है, वह मैं आपको उपलब्ध करवा दूंगा। पैसे की फिक्र न करें। ये सभी मरीज मेरे अपने हैं और इनका इलाज करवाना भी मेरी जिम्मेदारी है।
जब यह बिल्कुल ठीक हो जाएंगे तो मैं आपसे मिलने आऊंगा। वहीं भाजपा के प्रदेश प्रधान और सांसद श्वेत मलिक के साथ सनी देओल ने मरीजों से बातचीत की और उनके परिजनों को सांत्वना दी कि वह खुद को असहाय वह अकेला न समझें।
सनी देओल ने कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन एवं डॉक्टरों को निर्देश दिए हैं कि इन मरीजों की देखभाल में कोई कमी न रहे। वह इन मरीजों की रिपोर्ट अस्पताल से लेते रहेंगे। सनी ने कहा कि यह घटना बेहद दुखदायी है। मैं दुखी हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संज्ञान में भी सारा मामला है। सनी ने कहा कि बटाला में अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। यह दुख की बात है कि किसी ने भी इसका संज्ञान नहीं लिया। सारा सिस्टम ठीक करने के लिए मीडिया के सहयोग की जरूरत है।
सनी को देखकर खिल उठे मरीज
बटाला हादसे में जख्मी हुए लोग अब तक बेहाशी की हालत में थे। जैसे ही सनी देओल आईसीयू एवं सर्जिकल वार्ड में इन मरीजों से मिले तो इनके चेहरे खिल उठे। हादसे में बुरी तरह झुलसे एक मरीज ने तो यहां तक कह दिया कि सर! आपको अभी तक फिल्मों में देखा था, आज प्रत्यक्ष दर्शन हो गए। अब मैं बिल्कुल ठीक हूं।