अमृतसरः 194 किलो हेरोइन के तार पॉलीवुड से जुड़े, पंजाबी एक्टर मनतेज मान गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरुनगरी के सुल्तानविंड इलाके की एक कोठी में सिंथेटिक ड्रग की फैक्ट्री से बरामद 194 किलोग्राम हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी के तार पॉलीवुड के साथ जुड़ने लगे हैं। मामले के मास्टरमाइंड कपड़ा व्यापारी अंकुश कपूर से पूछताछ के बाद एसटीएफ ने पंजाबी अभिनेता मनतेज सिंह को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ ने मान को अदालत में पेश कर उसका चार दिन का रिमांड लिया है। मनतेज 11 फरवरी तक पुलिस की कस्टडी में रहेगा। मान को मिलाकर एसटीएफ अभी तक इस केस में सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले एसटीएफ सुखबीर सिंह, अंकुश कपूर, सुखविंदर सिंह, मेजर सिंह, तमन्ना गुप्ता के अलावा अफगानिस्तान के नागरिक अरमान बशरमल को गिरफ्तार कर चुकी है।
जांच में पता चला कि अंकुश हेरोइन व अन्य नशीले पदार्थों की हर खेप को ठिकाने पहुंचाने के लिए मनतेज मान को लगभग 4 लाख रुपये दिया करता था। वह अभी तक लगभग 110 किलो हेरोइन की खेप को ठिकाने पर पहुंचा चुका है। उसने हेरोइन की खेप कहां-कहां पहुंचाई, इस के बारे में एसटीएफ ने पूछताछ शुरू कर दी है।
मान की गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ को इस बात का अंदेशा है कि पंजाबी फिल्मों और वीडियो के निर्माण में कहीं ड्रग मनी तो नहीं लगाई जा रही। इस मामले को एसटीएफ अब पॉलीवुड और ड्रग मनी के एंगल से भी जांच करने पर विचार कर रही है।
मनतेज मान स्टेट वर्सेस गैंगस्टर फिल्म में अभिनय कर चुके हैं। अंकुश कपूर और मनतेज के संबंध पुराने बताए जा रहे हैं। दोनों के बीच नशे के कारोबार में सांझ कब हुई, अब तक मनतेज को कुल कितनी रकम दी जा चुकी है, मनतेज ने इस राशि को कहां खर्च किया है, एसटीएफ इस पर भी जांच कर रही है।
यह भी पता चला है कि पंजाब में बैन की गई फिल्म 'शूटर' से प्रोत्साहित होकर मनतेज भी इस तरह की एक फिल्म का निर्माण करना चाहता था। मनतेज के संबंध सिमरन संधू के साथ भी रहे हैं। संधू पर 300 किलोग्राम हेरोइन की खेप समंदर के रास्ते पाकिस्तान से मंगवाने का आरोप है। गुजरात पुलिस ने इंटरपोल की मदद से संधू को इटली से अरेस्ट किया है। संधू के वतन आने के बाद भी इस मामले में कई खुलासे होंगे।
सूत्रों ने बताया कि इस मामले की जांच में शामिल ईडी ने भी मनतेज की गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों के बैंक खातों और जायदादों को खंगालना शुरू कर दिया है। अंकुश कपूर इस नशे के कारोबार में 2015 में शामिल हुआ था। पॉश एरिया में कपडे़ का शोरूम चलाने वाला अंकुश कपूर कारोबार ठंडा होने के बाद इस धंधे में उतरा था।
वहीं जिस कोठी में नशे की फैक्ट्री चलती थी, उसका मालिक शिअद नेता अनवर मसीह एसटीएफ की जांच में शामिल हो चुका है। एसटीएफ की जांच में एक अन्य आरोपी साहिल शर्मा के पिता कांग्रेसी पार्षद प्रदीप शर्मा ने भी अपने बयान दर्ज करवा दिए हैं। जबकि साहिल शर्मा अभी तक फरार है।