सिंगल रेल ट्रैक से लोग परेशान, डबल भी ऐसे बढ़ाएगा दिक्कत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़-अंबाला सिंगल रेल ट्रैक के दोहरीकरण का काम चल रहा है। रेलवे ने दोहरीकरण दो महीने से शुरू कर रखा है। यहां सिंगल ट्रैक से ट्रेनों की आवाजाही से पंचकूला के सेक्टर-19 और बलटाना के लोगों को खासी दिक्कत उठानी पड़ रही है।
बार-बार फाटक बंद होने और खुलने से सुबह और शाम पंचकूला इंडस्ट्रियल एरिया और सेक्टर-19 की ओर वाहनों की कतारें लग जाती हैं। स्थानीय निवासियों की काफी समय से यहां रेलवे ओवरब्रिज या अंडरपाथ बनाने की मांग चली आ रही है।
रेलवे ओवरब्रिज या अंडरपाथ पर अभी तक कोई निर्णय नहीं हो सका है। अब डबल ट्रैक बनने से जहां ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर पहले से भी ज्यादा बार फाटक बंद होने से और दिक्कत बढ़ जाएगी।
इसी बीच पंचकूला सेक्टर-19 रेलवे फाटक को रेल लाइन के दोहरीकरण के कारण शुक्रवार रात नौ बजे से आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। इसे शनिवार सुबह सात बजे लोगों की आवाजाही के लिए खोला जाएगा।
शुक्रवार रात नौ बजे से आवाजाही रही बंद
फाटक बंद होने से पंचकूला इंडस्ट्रियल एरिया फेज एक व दो की ओर से सेक्टर-19 और बलटाना की ओर से आने-जाने वाले लोगों को शुक्रवार की रात 9 बजे से असुविधा का सामना करना पड़ा।
इस समय चंडीगढ़-अंबाला रेल लाइन को डबल किया जा रहा है। रेलवे फाटक को शुक्रवार की रात 10 घंटे के लिए बंद कर रेलवे लाइन के दोहरीकरण का काम किया जाएगा।
वीरवार को स्थानीय पुलिस विभाग की ओर से रूट का बदलाव कर लोगों को बलटाना से होकर पंचकूला आने के लिए निर्देश दिया गया था। बलटाना और सेक्टर-19 की ओर आने वाले ट्रैफिक को बलटाना रेलवे फाटक की ओर से आना पड़ा। इस दौरान लोगों को जाम जैसी स्थिति से जूझना पड़ा।
रेलवे की ओर से बीते दो माह से रेलवे के दोहरीकरण का काम चल रहा है। यहां से रोजाना गुजरने वाले सेक्टर 19 निवासी कृष्ण गोपाल खन्ना, कुलदीप ठाकुर और अन्य ने बताया कि फाटक बंद से तीन से चार किलोमीटर घूमकर आना पड़ा।
इसके अलावा सेक्टर-19 में रोजाना लगने वाली अभयपुर और इंडस्ट्रियल एरिया में सब्जी खरीदने आने वाले लोगों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा।