पंजाब: श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ने सिखों को दी सलाह, लाइसेंस के साथ रखें आधुनिक हथियार, सीएम मान व राजा वड़िंग ने जताया एतराज
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार हरप्रीत सिंह ने कहा कि श्री गुरु हरगोबिंद साहिब ने श्री अकाल तख्त की सृजना करके संगतों को उपदेश दिया। जहां बानी पढ़ने का उपदेश दिया, वहीं शस्त्रधारी बनने, घुड़सवारी सीखने और तलवारबाजी का भी उपदेश दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने हर सिख को अपने पास आधुनिक लाइसेंसी हथियार रखने का प्रयास करने को कहा है। जत्थेदार ने कहा कि अब हालात ऐसे बन रहे हैं और ऐसा वक्त आ रहा है कि हर सिख खुद को बानी पढ़ कर, नाम जप कर, भजन कर बलवान बनाए और साथ ही साथ तंदुरुस्त होकर नशों से दूर रहे। उन्होंने सोमवार को श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी के गुरु गद्दी दिवस पर संगत को बधाई दी और साथ ही लाइसेंसी हथियार रखने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु हरगोबिंद साहिब ने श्री अकाल तख्त की सृजना करके संगतों को उपदेश दिया। जहां बानी पढ़ने का उपदेश दिया, वहीं शस्त्रधारी बनने, घुड़सवारी सीखने और तलवारबाजी का भी उपदेश दिया। समय बदल रहा है, लेकिन गुरु साहिब के उपदेश आज भी कारगर हैं। आज जरूरत है खासकर सिख नौजवान बच्चे-बच्चियां गुरु साहिब के आदेशों की पालन करते हुए शस्त्रधारी बनें, गतकाबाजी, तलवारबाजी और निशानेबाजी सीखें।
संगत के नाम अपने संदेश में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने कहा कि समय बदल रहा है, तो हर सिख को उक्त चीजें सीखने के साथ-साथ आधुनिक लाइसेंसी हथियार रखने के प्रयास करें। नशों से दूर रहें क्योंकि नशा शरीर को बर्बाद कर रहा है। हमारे परिवारों और घरों को बर्बाद कर रहा है। नशा हमारा दिमाग (मत) भी खराब कर रहा है। यही मीरी पीरी के पातशाह का उपदेश भी है।
Akal Takht-Oday is Gurta Gaddi day of Miri Piri owner Shri Guru Hargobind Sahib. Sikhs should learn to do Gatka. As situation worsens, I ask them to keep modern weapons with legal licenses on them. They must keep away from intoxicants: Harpreet Singh Jathedar, Akal Takhat Sahib pic.twitter.com/ETOuB0oEEE
— ANI (@ANI) May 23, 2022
सीएम मान और वड़िंग ने जताया एतराज
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह की सलाह पर पंजाब में सियासी हलचल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जहां पंजाब में शांति, भाईचारा और आधुनिक विकास का संदेश देने की अपील की है। वहीं पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने जत्थेदार से अपील की है कि वे बताएं कि सिखों को क्यों आधुनिक लाइसेंसी हथियार रखने चाहिए?
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट किया कि माननीय जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब जी, आपका हथियारों वाला बयान सुना... जत्थेदार साहब जी आप सरबत का भला मांगने वाली गुरबाणी को घर-घर पहुंचाने का संदेश दें न कि हथियार रखने का। जत्थेदार साहब हमने पंजाब में शांति, भाईचारा और मॉडर्न विकास के संदेश देने हैं न की मॉडर्न हथियारों का...।
राजा वड़िंग ने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है कि सिख समुदाय की सर्वोच्च संस्था श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने श्री गुरु हरगोबिंद जी के गुरता गद्दी दिवस पर यह आह्वान किया है। जत्थेदार साहिब द्वारा एक समुदाय के युवाओं को आह्वान किया गया है, ऐसे में हर किसी को जानने की जरूरत है कि क्या उन्हें लगता है कि समुदाय को कोई विशेष खतरा है, जिसके चलते युवाओं को आधुनिक लाइसेंसी हथियार रखने की जरूरत है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जत्थेदार साहिब का सिख समुदाय में एक महत्वपूर्ण और विशेष स्थान है। वे जो कुछ भी कहते हैं, हमेशा उसे सिख समुदाय गंभीरता से लेता है और यही कारण है कि उन्हें बताना चाहिए कि आधुनिक हथियार रखने संबंधी किए आह्वान के पीछे क्या कारण है। पंजाब में अधिकतर लोग आमतौर पर लाइसेंसी हथियार रखते हैं। हालांकि किसी द्वारा हथियार का लाइसेंस लेने पर कोई रोक नहीं है। यह आह्वान सिख समुदाय की सर्वोच्च संस्था से आया है, जिसके चलते यह हम सब के लिए चिंता का विषय है। हर पंजाबी खास तौर पर हर सिख श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार द्वारा लाइसेंसी आधुनिक हथियार रखने संबंधी दिए आह्वान को लेकर चिंता में है।