Punjab Election 2022: अकाली दल- बसपा का संयुक्त घोषणा पत्र जारी, हर घर को 400 यूनिट बिजली मुफ्त देने का वादा
मेनिफेस्टो में कहा गया है कि पंजाब में माफिया खत्म करने के लिए रेत और शराब का कारपोरेशन बनाया जाएगा। सरकार खुद यह काम करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मतदान से ठीक पहले सुखबीर बादल ने मंगलवार को शिअद-बसपा का संयुक्त चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया। सुखबीर ने एससी, ओबीसी के साथ सामान्य वर्ग के लोगों के लिए 400 यूनिट फ्री बिजली, गरीबों के लिए घर और एक लाख सरकारी नौकरी देने का चुनावी वादा किया है। उन्होंने घोषणा पत्र में 3100 रुपये वृद्धा पेंशन, शगुन योजना के तहत 75000 और न्यू चंडीगढ़ में फिल्म सिटी बनाए जाने की घोषणा की।
चंडीगढ़ में घोषणा पत्र जारी करने के दौरान उन्होंने दूसरे राजनीतिक दलों पर वार किया। उन्होंने कहा कि कुछ दल ऐसे हैं, जो घोषणा पत्र जारी तो करते हैं, लेकिन लागू नहीं करते। शिअद-बसपा सरकार बनते ही 5 वर्षों में इन वादों को लागू भी करेगी। घोषणा पत्र में सुखबीर बादल ने सामाजिक योजनाओं से संबंधित योजनाएं, शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य के साथ ही कर्मचारियों पर भी फोकस किया है।
वृद्धावस्था पेंशन को 1500 से बढ़ाकर 3100 रुपये किया जाएगा, गरीब लड़की की शादी वाली शगुन योजना की राशि 51 हजार से बढ़ाकर 75 हजार की जाएगी। गरीबों के लिए 5 साल में 5 लाख मकान बनाने का वादा सुखबीर ने किया। स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए 2 लाख रुपये की भाई घन्हैया योजना की दोबारा शुरुआत। इसमें 10 लाख तक का मेडिकल इंश्योरेंस होगा।
छात्रों के लिए विशेष कार्ड योजना शुरू की जाएगी। जिसके तहत छात्र देश में कहीं भी प्रवेश लेने पर 10 लाख रुपये का लाभ ले सकेंगे। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 25 हजार की आबादी पर 5 हजार बच्चों के लिए मेगा स्कूल, प्रत्येक विधानसभा में 10 से 12 नए स्कूल शिक्षकों के आवास के साथ बनाए जाएंगे। सरकारी और गैर सरकारी कॉलेजों में 33 प्रतिशत सीटें सरकारी स्कूलों में पढ़े बच्चों के लिए आरक्षित की जाएंगी। 6 नए विश्वविद्यालय बनाए जाएंगे। दोआबा में एक कांशीराम नाम के साथ ही भगवान वाल्मीकि जी और डॉ. अंबेडकर के नाम पर विवि बनाए जाएंगे।
दो नए मंत्रालय बनेंगे
शिअद-बसपा की सरकार बनने पर राज्य में दो नए मंत्रालय बनाए जाएंगे। पहला मंत्रालय विदेश रोजगार और शिक्षा मंत्रालय होगा। इसके जरिये दूतावास और कंपनियों से तालमेल कर पंजाबियों को विदेशों में नौकरी दिलाने का काम करेंगे। कंडी क्षेत्र के विकास को लेकर एक मंत्रालय बनाया जाएगा। इसके लिए अलग बजट का प्रावधान किया जाएगा।
2 साल में खत्म करेंगे बिजली सब्सिडी
सुखबीर बादल ने कहा कि बिजली विभाग को दी जा रही 14 हजार करोड़ की सब्सिडी को 2 साल में खत्म किया जाएगा। इसके लिए 30 हजार करोड़ का 15 हजार मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाएंगे। पैसे की जगह पावरकॉम को बिजली आपूर्ति की जाएगी।
कुछ अन्य घोषणाएं
- छोटे-बड़े व्यापारियों का 10-10 लाख का बीमा
- 25 लाख टर्नओवर पर हिसाब-किताब की जरूरत नहीं
- 10 लाख तक लोन लेने पर 5 प्रतिशत की सब्सिडी
- 2004 की पेंशन योजना को लागू किया जाएगा
- 5 वर्षों में कर्मचारियों पर दर्ज केस वापस होंगे
- ठेके पर रखे गए कर्मचारी होंगे रेगुलर
- ट्रक यूनियन की बहाली की जाएगी
- आशा कार्यकर्ताओं का मेहनताना 2500 किया जाएगा
- खेलों को उत्साहित करने की भी कई योजनाएं
- क्रिश्चियन और मुस्लिम वेलफेयर बोर्ड बनेंगे
- रेत और शराब के लिए कारपोरेशन बनाया जाएगा