फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Senate Elections: Voter Turnout Low Again; Polling Booths Remained Empty

Chandigarh News: सीनेट चुनाव-वोटिंग फिर हुई कम, खाली पड़े रहे बूथ

Mon, 21 Sep 2026 01:42 AM IST
Chandigarh Bureau चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Mon, 21 Sep 2026 01:42 AM IST
विज्ञापन
Senate Elections: Voter Turnout Low Again; Polling Booths Remained Empty
चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी की सीनेट के लिए रविवार को हुए चुनाव में 6,25,784 मतदाताओं की सूची के मुकाबले मतदान केंद्रों पर सन्नाटा नजर आया। चंडीगढ़ में बनाए गए 33 मतदान केंद्रों में ज्यादातर पर दिनभर मतदाताओं की भीड़ नहीं जुटी। कहीं दो सौ तो कहीं तीन सौ के आसपास ही वोट पड़े। पीयू सूत्रों के मुताबिक शाम पांच बजे तक करीब 15 से 20 फीसदी मतदान होने का अनुमान है। अंतिम मतदान प्रतिशत चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा। वर्ष 2021 में 14.57 फीसदी ही मतदान हुआ था।
विज्ञापन

सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने पर उम्मीदवारों और बूथ एजेंटों में उत्साह दिखा लेकिन दिन चढ़ने के साथ मतदान का रुझान कम होता गया। पीयू परिसर में लॉ ऑडिटोरियम, अंकुर स्कूल और इवनिंग विभाग समेत 33 केंद्र बनाए गए थे। ज्यादातर केंद्रों पर किसी समय भीड़ नहीं दिखाई दी। इस चुनाव में सात राज्यों में 271 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सीनेट की 15 सीटों के लिए 51 उम्मीदवार मैदान में हैं।
विज्ञापन

लगातार गिरता गया मतदान का ग्राफ
सीनेट चुनाव में मतदान का ग्राफ लगातार नीचे आया है। वर्ष 2012 में 2,85,000 पंजीकृत मतदाताओं में से 74,520 ने वोट डाला था और मतदान प्रतिशत 26.14 रहा था। 2016 में 3,30,000 मतदाताओं में से 62,281 ने मतदान किया और प्रतिशत 18.87 रहा। 2021 में 3,61,000 मतदाताओं में से 52,600 ने वोट डाला था और मतदान प्रतिशत 14.57 रहा। इस बार मतदाता सूची में 6,25,784 नाम हैं। अंतिम मतदान प्रतिशत मतगणना के बाद स्पष्ट होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

23 सितंबर से होगी मतगणना
डाले गए वोटों की गिनती 23 सितंबर को सुबह 9:30 बजे पीयू के जिम्नेजियम हॉल में शुरू होगी। अधिकारियों के अनुसार मतगणना कई चरणों में पूरी की जाएगी। पीयू के रजिस्ट्रार प्रो. वाईपी वर्मा चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर हैं। उनके मुताबिक चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। पीयू की आधिकारिक चुनाव वेबसाइट पर भी 23 सितंबर से मतगणना संबंधी सूचना दर्ज है।
कई उम्मीदवारों की रही चर्चा
चुनाव के दौरान अलग-अलग उम्मीदवारों को लेकर समर्थकों में उत्साह रहा। हरियाणा से अनिल ढुल, चंडीगढ़ से अशोक गोयल और पंजाब से सिमरजीत सिंह ढिल्लों, रविंदर सिंह धालीवाली उर्फ बिल्ला, रणबीर सिंह और रमनप्रीत सिंह की चर्चा रही।
संजय टंडन और एचएस लक्की ने डाला वोट
भाजपा के संजय टंडन और कांग्रेस के एचएस लक्की ने भी मतदान किया। सेक्टर-8 में बनाए गए मतदान केंद्र पर एचएस लक्की ने वोट डाला। संजय टंडन ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि पीयू एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थान है और इसके हितधारकों की विश्वविद्यालय के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका है।

सत्यपाल जैन ने भी किया मतदान
डीएवी मॉडल स्कूल सेक्टर-15, राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-16 और राजकीय कन्या मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-18 में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। समर्थकों ने अपने-अपने स्टाल लगाए थे। सेक्टर-15 के डीएवी मॉडल स्कूल में पूर्व सांसद और एडिशनल सॉलिसिटर सत्यपाल जैन ने मतदान किया। उन्होंने कहा कि सीनेट चुनाव बहुत शांतिपूर्ण रहता है। पूर्व सांसद और एडिशनल सॉलिसिटर सत्यपाल जैन ने कहा कि सीनेट चुनाव की मतदाता सूची की समीक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि सूची में विदेश जा चुके लोगों के नाम भी हैं। इसके अलावा दुनिया में नहीं रहे लोगों के नाम भी मतदाता सूची में हैं। इससे मतदान प्रतिशत लगातार कम होता जा रहा है।

2500 में 215, 2639 में 220 वोट
जीसीजी-42 में कुल 2500 वोट थे लेकिन सिर्फ 215 वोट पड़े। देव समाज कॉलेज सेक्टर-45 में ग्रेजुएट के लिए 2639 वोट थे, इनमें 220 वोट पड़े। टीचर्स के लिए 30 वोट थे और सभी 30 वोट पड़े। देव समाज कॉलेज सेक्टर-45, गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-40सी, एमसीएम डीएवी सेक्टर-36, पीजीजीसी सेक्टर-46 और एसडी कॉलेज में भी मतदान हुआ। सुबह ज्यादातर केंद्र खाली रहे। दोपहर करीब एक बजे कुछ केंद्रों पर हलचल बढ़ी। कई बड़ी उम्र के लोग परिवार के सदस्यों की मदद से वोट डालने पहुंचे।

82 वर्षीय कृष्ण कुमार शर्मा वोट डालने पहुंचे
सेक्टर-39 निवासी 82 वर्षीय कृष्ण कुमार शर्मा परिवार की मदद से वोट डालने पहुंचे। शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त कृष्ण कुमार ने बताया कि उन्होंने 1971 में ग्रेजुएशन की थी और दो वर्ष बाद उनकी वोट बनी। कई वर्ष पहले एक बार वोट डाला था और अब जीवन में दूसरी बार सीनेट चुनाव में मतदान किया है। उन्होंने कहा कि वह सीडीकेंट, जो पंजाब की है और पंजाब की ही रहनी चाहिए, इस मुद्दे के साथ वोट डालने आए हैं। वहीं, सेक्टर-36 स्थित एमसीएम डीएवी कॉलेज में मतदान करने पहुंचीं डॉ. नेहा ने बताया कि शाम चार बजे तक करीब 60 फीसदी मतदान हो सका। वहीं एसडी कॉलेज में औसतन 200 वोट ही पड़े।

पिछले चुनावों में इतना रहा मतदान
चुनाव वर्ष
पंजीकृत मतदाता पड़े वोट
मतदान प्रतिशत
2012
2,85,000
74,520 26.14%
2016
3,30,000
62,281 18.87%
2021
3,61,000
52,600
14.57%

उच्च शिक्षा में सुधार की मांग
सेक्टर-26 स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज में रविवार को सीनेट चुनाव के लिए ग्रेजुएट स्टूडेंट्स ने मतदान किया। मोहाली निवासी दरबार सिंह भी वोट डालने पहुंचे। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार की जरूरत है। वहीं, सेक्टर-26 में मतदान करने पहुंचे वीरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ पेपर लीक जैसे भ्रष्टाचार पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए। विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।


73 की उम्र में वोट डालने पहुंचे अमृत
सेक्टर-20 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन में रविवार को 73 वर्षीय अमृत सीनेट चुनाव में मतदान करने पहुंचे। पीयू से पढ़ाई कर चुके अमृत विशेष रूप से वोट डालने कॉलेज पहुंचे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय से उनका पुराना जुड़ाव है। सीनेट चुनाव में मतदान उनके लिए जिम्मेदारी के साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी विषय है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed