चंडीगढ़: बैंक में 4.04 करोड़ रुपये की चोरी, सिक्योरिटी गार्ड ने ही दिया घटना को अंजाम
- एक्सिस बैंक के खजाने से चार करोड़ चार लाख रुपये की चोरी
- सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
- सिक्योरिटी गार्ड ने बैंक से चोरी किया पैसा
- वारदात के बाद से लापता हुआ सिक्योरिटी गार्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित एक्सिस बैंक की मुख्य शाखा में तैनात मुख्य निजी सुरक्षाकर्मी सुनील बैंक परिसर में रखे करीब 4.04 करोड़ रुपये चोरी कर फरार हो गया। बैंक की सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि सुनील बार-बार बैंक के अंदर जाता है और अपनी शर्ट में रुपये छिपाकर बाहर निकल आता है। माना जा रहा है कि वह बैंक से रुपये लेकर बाहर अपने किसी साथी को दे रहा है या किसी वाहन में डाल रहा है।
हैरानी की बात यह है कि बैंक की सुरक्षा में पंजाब पुलिस के कुछ कर्मचारी भी तैनात थे लेकिन उन्हें इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने आरोपी सुनील को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई हैं। फिलहाल देर रात तक उसके बारे में कोई सुराग नहीं लगा।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात बैंक के मुख्य निजी सुरक्षाकर्मी सुनील के साथ पंजाब पुलिस के तीन कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब तीन बजे सुनील अचानक गायब हो गया। काफी देर तक जब वह नहीं दिखा तो पंजाब पुलिस के जवानों ने बैंक अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
रविवार सुबह 11 बजे तक बैंक अधिकारियों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि सुनील के साथ बैंक के बक्से में रखे रुपये भी गायब हैं। उन्होंने पुलिस को सिर्फ यही सूचना दी कि उनका एक सुरक्षाकर्मी गायब है। उसके बाद बैंक अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो इस वारदात का खुलासा हुआ।
फुटेज में साफ दिख रहा है कि वह बैंक के अंदर जाता है और अपनी शर्ट में कुछ छिपाकर बाहर ला रहा है। इसके बाद जब बैंक में रखे बक्से की जांच की गई तो पता चला कि उसका ताला कटर से कटा हुआ है और उसमें रखे सारे पैसे गायब हैं।
अधिकारियों ने हिसाब लगाया तो पता चला है कि बक्से में करीब 4.04 करोड़ रुपये थे। रविवार दोपहर तीन बजे सेक्टर 34 थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड पहुंची। पुलिस के मुताबिक, मोहाली के सोहाना का रहने वाला सुनील पिछले करीब तीन वर्षों से बैंक में निजी सुरक्षा कर्मचारी का काम कर रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, बैंक की इस शाखा में हर वक्त काफी कैश रहता था। यहां से ट्राइसिटी के अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब व जम्मू स्थित बैंक की शाखाओं में पैसा भेजा जाता है। हालांकि यह भी सवाल उठ रहा है कि आखिर सुनील पंजाब पुलिस के जवानों को कैसे चकमा दे गया।
आरोपी को पकड़ने के लिए टीम जगह-जगह छापामारी कर रही है। उसकी मोबाइल लोकेशन भी खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा। - श्रुति अरोड़ा, एएसपी साउथ, चंडीगढ़।