चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ केप्रशासक वीपी सिंह बदनौर मंगलवार को सेक्टर-9 स्थित यूटी सचिवालय पहुंचे और अधिकारियों के साथ एक बैठक की। उन्होंने शहर में कोरोना के मामलों को लेकर समीक्षा की। बैठक में 7वीं और 8वीं कक्षा केलिए भी स्कूलों को खोलने का फैसला लिया गया। हालांकि, प्रशासक केसलाहकार धर्मपाल इस बारे में बुधवार को आदेश जारी करेंगे।
प्रशासक केसाथ हुई बैठक में डीसी मनदीप सिंह बराड़ की तरफ से शहर में बनाए गए माइक्रो कंटेनमेंट जोन पर एक डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। इसमें तीनों एसडीएम की तरफ से कोरोना को रोकने केलिए बनाए गए नियमों और माइक्रो कंटेनमेंट जोन की व्यवस्था दिखाई गई। बैठक में पंजाब की तर्ज पर चंडीगढ़ में छोटी कक्षाओं के लिए स्कूलों को खोलने पर चर्चा हुई। हालांकि, मंगलवार को प्रशासक केसलाहकार धर्मपाल की तरफ से इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किए गए। प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने बताया कि बैठक में कुछ अन्य कक्षाओं को शुरू करने पर चर्चा की गई है, लेकिन बुधवार को ही इस बारे में आदेश जारी किए जाएंगे। 9वीं से 12वीं तक के कक्षाओं केलिए स्कूलों को पहले ही खोला जा चुका है। परिजनों की सहमति के बाद ही बच्चों को स्कूल बुलाया जा रहा है। 7वीं व 8वीं कक्षा के लिए भी यही नियम जारी रखे जाएंगे। इसके अलावा बच्चों को मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करने के लिए भी कहा गया है।