पूर्वमंत्री मांगेराम गुप्ता का 85 साल की उम्र में निधन, सीएम और डिप्टी सीएम ने जताया शोक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो बार भजन लाल और एक बार भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार में मंत्री रहे मांगेराम गुप्ता का 85 वर्ष की आयु में शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह 15 दिन से बीमार चल रहे थे। मांगेराम गुप्ता को प्रदेश की राजनीति में दमदार राजनेता के रूप में जाना जाता था। उनके अंतिम संस्कार में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के अलावा अन्य नेता शरीक हुए।
मांगेराम गुप्ता का जन्म 13 जुलाई 1935 को जींद जिले के राजपुरा भैण गांव में हुआ था। 40 साल की उम्र में उन्होंने जींद की पुरानी अनाज मंडी में आढ़त की दुकान शुरू कर व्यापार की लाइन में आए। इसके साथ ही उन्होंने राजनीति में भी ताल ठोंक दी। उन्होंने जींद विधानसभा से आठ बार चुनाव लड़ा। वे चार बार विजयी रहे।
2009 के विधानसभा चुनाव के बाद से वे राजनीति में अधिक सक्रिय नहीं रहे। पिछले साल जनवरी में हुए उपचुनाव में एक बार फिर केंद्रीय भूमिका में आए थे, लेकिन उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। गत वर्ष के अंत में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में उनके बेटे महावीर गुप्ता ने जजपा से चुनाव लड़ा था, मगर उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मांगेराम गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे एक कर्मठ नेता थे और उनके निधन से जो क्षति हुई है उसकी भरपाई नहीं की जा सकती। राजनीतिक के साथ-साथ समाज सेवा में उनका विशेष योगदान रहा।
उधर, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शोक संदेश में कहा कि मांगेराम गुप्ता प्रदेश की राजनीति में एक विशेष स्थान रखते थे। समाज सेवा में भी वे अग्रणी थे। अग्रवाल समाज में भी उनका विशेष योगदान रहा। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी अपना गहरा शोक प्रकट किया है।
उन्होंने कहा कि उनका जींद क्षेत्र व हरियाणा की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान था। चार बार विधायक और तीन बार मंत्री बनना, समाज में उनकी उच्च प्रतिष्ठा और सकारात्मक सोच का परिचायक है। वह शिक्षा एंव परिवहन मंत्री, वित्त मंत्री व स्थानीय शासन मंत्री रह चुके हैं। वह हमेशा गरीब लोगों की भलाई के लिए तत्पर रहते थे।