Punjab: कनाडा के टॉप 25 अपराधियों में शामिल है गोल्डी बराड़, डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम, पढ़ें- वांटेड की कहानी
टारगेट किलिंग, रंगदारी और हथियार तस्करी में शामिल गोल्डी बराड़ कनाडा का बड़ा अपराधी है। उसका नाम टॉप 25 में शामिल है। 2017 में वह स्टडी वीजा पर कनाडा पढ़ने गया था। मगर वहां बैठकर वह भारत में कई वारदातों को अंजाम दिलवाने लगा। अब भारत सरकार ने उसे आतंकी घोषित कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्र सरकार ने सोमवार को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत आतंकी घोषित कर दिया। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार बराड़ प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा हुआ है। टारगेट किलिंग, रंगदारी वसूलने और हथियारों की तस्करी के कई मामलों में केंद्र और पंजाब की एजेंसियों को उसकी तलाश है।
पंजाब में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश इसी ने कनाडा से रची थी। उसने साल 2022 में डेरा समर्थक प्रदीप सिंह कटारिया की हत्या की जिम्मेदारी भी ली थी। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य भी है। बराड़ देश ही नहीं विदेश में भी वांटेड है। उसके खिलाफ फ्रांस के इंटरपोल सेक्रेटेरिएट जनरल ने 12 दिसंबर 2022 को रेड कॉर्नर नोटिस और गैर-जमानती वारंट जारी किया था। इसके अलावा 15 जून 2022 को बराड़ के खिलाफ एक लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया था।
खुफिया एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब में ही उसके सैकड़ों गुर्गे हैं, जो उसके आदेश पर हत्या जैसी घटना को अंजाम देते हैं। 29 मई 2022 को हुई पंजाबी गायक गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस को गोल्डी की तलाश है।
कनाडा के टॉप 25 वांछित अपराधियों में शामिल
गोल्डी बराड़ कनाडा के टॉप 25 वांछित अपराधियों में शामिल है। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने गोल्डी को अपराधियों में 15वें नंबर पर रखा है। उसके ऊपर डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम भी घोषित है। कनाडा में पिछले छह साल से वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई व बब्बर खालसा इंटरनेशनल के लिए काम कर रहा है। गोल्डी बराड़ को एक क्रॉस बॉर्डर एजेंसी का समर्थन है। वह कई हत्याओं में शामिल रहा है और कट्टरपंथी विचारधारा का समर्थक है।
गुरुग्राम के दोहरे हत्याकांड में भी आया नाम
गुरुग्राम में हुए दोहरे हत्याकांड में गोल्डी बराड़ की कथित भूमिका सामने आई थी। काला जठेरी, लॉरेंस बिश्नोई और नरेश सेठी गिरोह ने दो भाई परमजीत और सुरजीत की हत्या कर दी थी। यह मामला अवैध शराब के कारोबार और आपसी दुश्मनी से जुड़ा हुआ था। फिल्म अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने में भी गोल्डी बराड़ का नाम सामने आया था।
मुक्तसर का रहने वाला बराड़ 2017 में स्टूडेंट वीजा पर गया था कनाडा
गोल्डी बराड़ पंजाब के मुक्तसर के आदेश नगर का रहने वाला है। माता-पिता ने उसका नाम सतिंदरजीत सिंह रखा लेकिन बदमाश बनने के बाद वह गोल्डी बराड़ नाम से चर्चित हुआ। उसका परिवार अब मुक्तसर से फरीदकोट शिफ्ट हो चुका है। सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ वर्ष 2017 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया था। वहां वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। गोल्डी बराड़ के पिता पंजाब पुलिस में बतौर सब इंस्पेक्टर तैनात थे।