अमृतसर रेल हादसे के बाद रेलवे ने जारी की गाइडलाइन, भीड़ देखते ही स्पीड कम करेंगे पायलट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दशहरा पर्व पर अमृतसर रेल हादसे में 59 लोगों की मौत के बाद फिरोजपुर व वाराणसी रेल डिवीजन ने ट्रेन पायलट, गार्डों व गेटमैनों को गाइड लाइन जारी की है। दशहरा पर्व के बाद दीपावली, छठ पूजा व अन्य त्योहार देखते हुए ट्रेन पायलट व गार्ड को आदेश दिए हैं कि ट्रेनों की गति रिहाइशी इलाके से गुजरने वाले ट्रैक व ट्रैक के आसपास भीड़ होने पर धीमी रखें।
इसके अलावा मानव रहित व सहित रेलवे क्रॉसिंग फाटकों पर रेल अधिकारी औचक निरीक्षण कर देखेंगे कि चालक निश्चित गति से कितनी तेज ट्रेन दौड़ा रहा है और सायरन बजा रहा है या नहीं। रेल मंडल फिरोजपुर के एडीआरएम नरेश कुमार वर्मा ने बताया कि अमृतसर रेल हादसे के बाद फिरोजपुर व वाराणसी रेल डिवीजन ने ट्रेन पायलटों, गार्डों व गेटमैनों को एक गाइड लाइन जारी की है।
गाइडलाइन लोको लॉबी के इंचार्ज, आपरेटिंग विभाग (गार्ड) के अलावा संबंधित विभागों के इंचार्ज को भेजी है। गाइडलाइन में लिखा है कि ट्रेन दौड़ा रहे पायलट, गार्ड व रेलवे क्रॉसिंग फाटक पर तैनात गेटमैन इस बात का ध्यान रखें कि त्योहारों के दिन हैं, रिहाइशी इलाकों से गुजर रहे ट्रैक व आसपास भीड़ देखते ही रफ्तार धीमी रखे। यह आदेश हमेशा जारी रहेंगे। क्योंकि दीपावली, छठ पूजा के अलावा अन्य त्योहार आने वाले हैं।
ऐसे त्योहारों पर हमेशा रिहाइशी इलाकों से गुजर रहे ट्रैकों पर लोगों की भीड़ रहती है। अधिकारी ने बताया कि रेल ट्रैक क्रॉस करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में रेलवे हेडक्वार्टर ने आरपीएफ के सीनियर अधिकारियों को आदेश दिए हैं। आरपीएफ जवान उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे जो क्रॉसिंग लेवल के माध्यम से ट्रैक क्रॉस न कर अन्य जगह से क्रॉस करेंगे।
गार्ड व गेटमैन सुरक्षा के मद्देनजर छुट्टी पर: एडीआरएम
एडीआरएम एनके वर्मा ने कहा कि अमृतसर के जौड़ा रेल फाटक के पास डीएमयू ट्रेन से हुए रेल हादसे का चालक अरविंद कुमार (हेड क्वार्टर जालंधर लोको लॉबी) रेलवे के पास सुरक्षित है। चालक को छुट्टी पर नहीं भेजा है। रेल प्रशासन ने डीएमयू के गार्ड व जौड़ा रेलवे क्रॉसिंग फाटक के गेटमैन को भी लंबी छुट्टी पर नहीं भेजा है। बल्कि गार्ड व गेटमैन अपनी सुरक्षा को देखते हुए खुद कुछ दिन की छुट्टी लेकर गए हैं। वर्मा ने कहा कि जब ट्रेन चालक, गार्ड व गेटमैन की गलती ही नहीं है तो रेल प्रशासन इन्हें लंबी छुट्टी पर क्यों भेजेगा।
वर्मा ने कहा कि पंजाब सरकार ने रेल हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। जांच के लिए कमेटी गठित की है, जो चार सप्ताह में जांच पूरी कर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को रिपोर्ट सौंपेगी। रेलवे से भी कुछ दस्तावेज कमेटी के अधिकारियों ने मांगे हैं। कमेटी के सदस्यों को दस्तावेज मुहैया कराने के अलावा अन्य सहयोग देने के लिए रेलवे ने रेल डिवीजन फिरोजपुर के सीनियर डीएसओ (सीनियर डिवीजनल सेफ्टी अधिकारी) दयानंद को नियुक्त किया है।