राहुल गांधी का बड़ा हमला: कहा- पिछले चुनाव में आतंकवादी के घर रुके थे केजरीवाल, कुमार विश्वास के आरोप पर जवाब दें
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में केजरीवाल आतंकवादी के घर पर रुके थे। उन्होंने यह भी कहा कि कुमार विश्वास के आरोप पर केजरीवाल को जवाब देना चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राहुल गांधी ने गुरुवार को पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में सरहिंद अनाज मंडी में कांग्रेस उम्मीदवार कुलजीत सिंह नागरा के हक में रैली की। नशे के मुद्दे पर राहुल ने मंच से भाजपा और आप को जमकर कोसा। राहुल गांधी ने दावा किया कि पंजाब में भाजपा विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाएगी। राहुल ने कहा कि 2013 में उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी में ड्रग की ओर बढ़ रही पंजाब की जवानी का मुद्दा उठाया था। मगर उस समय भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने उनका मजाक बनाया और अब भाजपा पंजाब में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो खोलने की घोषणा कर रही है।
राहुल ने कहा कि पंजाब को सबसे बड़ा खतरा ड्रग्स से है। यह भी कहा कि केजरीवाल ने जिस मजीठिया से माफी मांगी उसी पर कांग्रेस ने ड्रग्स मामले में कार्रवाई की। कांग्रेस की लड़ाई पंजाब विरोधी ताकतों से है। ये ताकतें भाजपा और आम आदमी पार्टी की हैं। केजरीवाल पर टिप्पणी करते हुए राहुल ने कहा कि गत चुनावों में केजरीवाल एक आतंकवादी के घर ठहरे थे, इसलिए केजरीवाल पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए घातक है। आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे कुमार विश्वास ने भी मुद्दा उठाया जिस पर केजरीवाल को जवाब देना चाहिए।
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बारे में राहुल ने कहा कि वह गरीब लोगों की शक्ति हैं। हमने कैप्टन अमरिंदर सिंह को इसीलिए हटाया कि वह पंजाब के गरीब लोगों की बिजली वाली फाइल पर साइन नहीं कर रहे थे, उल्टा उन्होंने बिजली कंपनियों से चल रहे समझौतों का हवाला भी दिया, जब उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली सरकार से बिजली माफ करने की बात कही तो उन्होंने 1400 करोड़ की बिजली माफ करने का फैसला लिया।
फतेहगढ़ साहिब हलका से उम्मीदवार कुलजीत सिंह नागरा के बारे में उन्होंने कहा कि नागरा मेरे पुराने साथी हैं, जिन्होंने देश में कांग्रेस की मजबूती और बेहतरी के लिए कठिन परिस्थितियों में उनका साथ दिया है। कुलजीत नागरा इमोशनल जरूर हैं, किंतु दिलदार हैं, इनके द्वारा करवाए गए हलके के विकास को लोग पसंद कर रहे हैं। जबकि पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि कुलजीत सिंह नागरा ईमानदारी और संकल्प के प्रतीक हैं। 111 दिन की सरकार ने यहां के लोगों को बेहतर परिणाम दिए हैं। आखिर में कुलजीत सिंह नागरा ने कहा कि वह निष्काम भावना से अपने हल्के का विकास करना चाहते हैं और करते रहेंगे।