संकट में सब साथ: पंजाब की टेक्सटाइल इकाइयां मास्क और पीपीई किट तैयार करने में जुटीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना को हराने में मास्क और पीपीई किट (पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट) सबसे अहम हथियार है। पंजाब में 17 यूनिटों को पीपीई किट बनाने की अनुमति दी गई है। इसमें अकेले लुधियाना में नौ यूनिट पीपीई किट और मास्क तैयार करेंगी। सरकार से नौ यूनिटों को अनुमति मिलते ही मास्क और पीपीई किटों का निर्माण तेजी से शुरू हो गया है। तीन यूनिटों को अभी उत्पादन की अनुमति नहीं मिली है।
आने वाले कुछ दिन के अंदर इन्हें भी पीपीई किट और मास्क बनाने की अनुमति मिल जाएगी। तैयार होने वाले मास्क और पीपीई किट की आपूर्ति पूरे देश में की जाएगी।
बता दें कि लुधियाना की नौ यूनिटों में पीपीई किट और मास्क तैयार करने का काम तेजी से शुरू हो चुका है। अभी तक लाखों की संख्या में मास्क और पीपीई किट की आपूर्ति भी हो चुकी है। डीमार्ट इंडस्ट्री के निदेशक सेहज बताते है कि उनकी यूनिट में हर रोज लगभग अढ़ाई लाख थ्री प्लाई मास्क तैयार हो रहे हैं। पीपीई किट का सैंपल अप्रूवल को भेजा है। अनुमति मिलते ही उत्पादन शुरू हो जाएगा।
एवरशाइन इंडस्ट्रीज के विशाल अग्रवाल ने बताया कि उनके यहां पर पीपीई किट का निर्माण शुरू हो चुका है। रोजाना तीन सौ किट तैयार की जा रही हैं। आने वाले कुछ दिनों में इनकी संख्या और भी बढ़ा दी जाएगी। शिवा टेक्सफैब के अखिल मल्होत्रा ने बताया कि उनके यहां पर प्रतिदिन दस हजार बॉडी कोट तैयार करने का काम चल रहा है। एन-95 मास्क को तैयार कर सरकार के पास अप्रूवल को भेजा है।
अप्रूवल मिलते ही वह एक लाख मास्क रोजाना तैयार करेंगे। ला-एपरेल्स के संजय सिंगला ने बताया कि उनके यहां पर थ्री प्लाई मास्क तैयार करने का काम शुरू हो चुका है। रोज 40 हजार मास्क तैयार हो रहे हैं। अभी तक छह लाख मास्क की आपूर्ति की जा चुकी है। तीन हजार पीपीई किट तैयार की जा रही है। गुरुकृपा टैक्सफैब के वनीत गुप्ता के अनुसार उनके जिम्मे पीपीई किट का फैब्रिक तैयार करना है। प्रतिदिन वह पांच टन फैब्रिक तैयार कर विभिन्न यूनिटों को भेज रहे हैं।
स्वामी टेक्सटाइल्स के निदेशक अशीष जैन ने बताया कि उनके यहां पर थ्री प्लाई मास्क और पीपीई किट तैयार की जा रही है। अभी तक जितना भी माल तैयार किया गया है, उन्हें सरकारी अस्पताल में सप्लाई किया जा रहा है। सरकार उन्हें इस काम में हर संभव मदद कर रही है। इसी क्रम में फिनडॉक इंपेक्स के अक्षय ढांडा ने बताया कि वह सिर्फ पीपीई किट तैयार कर रहे हैं। फिलहाल तीन सौ से लेकर चार सौ किट रोजाना तैयार हो रही है।
आगे चलकर उत्पादन को और बढ़ाया जाएगा। नवयुग लेमिनेट्स के जतिंदर कुमार ने बताया कि उन्हें पीपीई किट तैयार करने की अप्रूवल मिल चुकी है। 12 अप्रैल से तैयार करने का काम शुरू हो जाएगा। वहीं शिंगोरा टेक्सटाइल की तरफ से पीपीई किट और मास्क तैयार कर सप्लाई करने का काम शुरू हो चुका है।
इनकों अभी अप्रूवल का इंतजार
पयास इनकारपोरेशन के अश्वनी गर्ग ने कहा कि वह एन-95 मास्क तैयार कर रहे हैं। मास्क के सैंपल को सरकार के पास अप्रूवल को भेजा है। जैसे ही इसकी अप्रूवल मिलेगी, तुरंत उत्पादन शुरू हो जाएगा। कुडू निट के वरुण मित्तल ने बताया कि उन्होंने थ्री प्लाई मास्क और पीपीई किट के सैंपल सरकार के पास भेजे हैं। अप्रूवल मिलते ही वह भी इस काम में जुट जाएंगे। वही राजा इंपेक्स के अमरजीत सिंह भी सरकार से अप्रूवल का इंतजार कर रहे है। वह भी पीपीई किट तैयार करेंगे।