ठंड के साथ बढ़ रहा किसानों का आक्रोश, पंजाब से 15 हजार अन्नदाता दिल्ली रवाना
कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में किसानों का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। संगरूर से 15 हजार किसानों ने दिल्ली कूच किया। शुक्रवार की तरह शनिवार को भी किसानों ने पंजाब के भाजपा नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोले रखा। जालंधर में किसानों ने भाजपा के दिल्ली के सांसद हंसराज हंस और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव भाजपा नेता केडी भंडारी के घर का घेराव किया। बठिंडा में भाजपा के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा के दौरे के विरोध में करीब सौ किसान धरने पर बैठ गए।
जब तक दिल्ली में खत्म नहीं होगा आंदोलन, नहीं होने देंगे पंजाब में भाजपा नेताओं का कार्यक्रम
जालंधर में सांसद हंस और भंडारी के घर का घेराव कर रहे किसानों के मुताबिक उनके साथी दिल्ली में भीषण ठंड में प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार नए कृषि सुधार कानूनों को वापस न लेने पर अड़ी हुई है।
किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक दिल्ली बॉर्डर से आंदोलन खत्म नहीं होता तब तक पंजाब में भाजपा का कोई कार्यक्रम नहीं होने दिया जाएगा। इसके अलावा भाजपा के सभी नेताओं का विरोध जारी रहेगा। इस दौरान किसानों ने मोबाइल टावर भी बंद करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जहां-जहां टावर लगे हैं उन्हें भी किसान बंद करेंगे।
किसानों के बीच में आकर बिल के फायदे नहीं बता पा रहे भाजपाई
किसान संगठनों ने शनिवार को नवांशहर में भाजपा जिला प्रधान डॉ. पूनम मानिक के घर के बाहर प्रदर्शन किया। किसान संगठनों के नेतृत्व में विभिन्न गांवों से आए किसान चंडीगढ़ रोड से पैदल मार्च करते हुए जिला भाजपा प्रधान के घर तक पहुंचे। किसानों और भाजपा नेताओं के बीच टकराव न हो, इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस अधिकारियों ने किसानों को भाजपा जिला प्रधान के घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर ही रोक लिया।
इसके बाद किसान वहीं धरने पर बैठ गए। दो घंटे तक धरना जारी रहा। किसान नेता सुरिंदर बैंस, जसबीर दीप, कुलविंदर वड़ैच ने कहा कि भाजपा नेता किसानों के बीच आकर बिल के फायदे नहीं गिना पा रहे हैं। बस यही कह रहे हैं कि कानून किसानों के हक में हैं।
भाजपा प्रदेश प्रधान की सुरक्षा में तैनात हुए 900 पुलिसकर्मी
बठिंडा में शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के दौरे के मद्देनजर जिला पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए। जिला पुलिस प्रशासन की ओर से सख्त नाकाबंदी कर दी गई। पुराने किले के बैक साइड में भाजपा नेताओं से मिलने के लिए आ रहे शर्मा की सुरक्षा को लेकर उक्त एरिया को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया गया।
अश्वनी शर्मा के आने को लेकर जिला पुलिस की ओर से विभिन्न जगहों पर नाकाबंदी कर करीब 900 पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। वहीं शर्मा का विरोध करने के लिए किसान भी मित्तल मॉल के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। किसान नेता हरजिंदर सिंह ने बताया कि अलग-अलग जत्थेबंदियों के करीब 100 किसान वर्कर शर्मा का विरोध करेंगे।
अबोहर : एक जनवरी से कारपोरेट घरानों के सभी टावर बंद करने का एलान
किसान आंदोलन के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 27 दिसंबर को अबोहर में जागरूकता रैली निकाली जाएगी। यह फैसला शनिवार को श्रीगंगानगर रोड स्थित पंप पर हुई किसान संगठनों की बैठक में लिया गया। क्रांतिकारी किसान यूनियन, कुलहिंद किसान सभा, भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर की बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि 1 जनवरी से क्षेत्र में लगे कारपोरेट घरानों के सभी टावर बंद करवाए जाएंगे
पठानकोट में किसानों ने चार टावर की बिजली काटी
पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे पर 50 दिन से धरना लगाकर बैठे किसान संगठनों ने शनिवार को मलिकपुर एरिया में 4 टावरों के बिजली कनेक्शन काट दिए। किसान नेता जसवंत सिंह कोठी ने कहा कि जिन टावरों के कनेक्शन काटे गए हैं। उनके बाहर किसानों ने पक्के नाके लगाए है। अगर कंपनियों ने इन टावरों के कनेक्शन जोड़े तो वह कुछ बड़ा फैसला ले सकते हैं। हमारे साथी दिन रात टावरों की निगरानी करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि कंपनी वाले टावरों के कनेक्शन न जोड़ पाएं।
पटियाला में घेरी भाजपा जिला शहरी प्रधान की कोठी, बेटे को अस्पताल ले जाने के लिए मांगी पुलिस से मदद
कृषि कानूनों के खिलाफ पटियाला में भाजपा जिला (शहरी) प्रधान हरिंदर कोहली की कोठी को घेर कर दिया जा रहा धरना शनिवार को जारी रहा। पुलिस प्रशासन ने किसानों से बात करके धरने को समाप्त कराने के कई प्रयास किए लेकिन किसान कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग पर अड़े हैं। किसानों ने कोहली के इस्तीफे की भी मांग की। वहीं कोहली ने बताया कि उनके बेटे का पिछले दिनों एक्सीडेंट हो गया था। उसका इलाज चल रहा है। चंडीगढ़ में बेटे को शनिवार को डॉक्टर को दिखाना था। बड़ी मुश्किल से पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद धरनाकारी किसानों को मनाया गया। उसके बाद ही वे बेटे को लेकर चंडीगढ़ जा पाए।
किसानों के समर्थन में आए अध्यापक और समाजसेवी
लुधियाना में जगरांव के रेलवे स्टेशन पर किसान यूनियन की तरफ से लगातार धरना दिया जा रहा है। शनिवार को अध्यापक भी इस धरने में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने दिन भर भूख हड़ताल कर केंद्र सरकार से कानूनों को वापस लेने की मांग की। शनिवार को घंटाघर चौक स्थित भाजपा कार्यालय के सामने समाजसेवी टीटू बानिया समर्थकों सहित धरना देने पहुंचे। उन्होंने केंद्र सरकार से तुरंत इन काले कानूनों को वापस लेने की मांग की ताकी पंजाब की किसानी को बचाया जा सके।
वहीं हलवारा गांव से शनिवार सुबह एक जत्था दिल्ली आंदोलन में शामिल होने के लिए निकला। ग्रामीण रछमिंदर सिंह के परिवार की तरफ से यह जत्था आंदोलनरत किसानों के लिए गर्म कपड़े, कंबल और अन्य सामग्री लेकर गए हैं। उनके साथ भारतीय किसान यूनियन एकता डकौंदा प्रधान जतिंदर सिंह, खजांची गुरप्रीत सिंह, मास्टर हरदेव सिंह धालीवाल समेत कई लोग दिल्ली के लिए रवाना हुए।