फोन पर प्रेमी से बात कर रही थी पत्नी, शादी के 13 दिन बाद ही पति ने खा लिया जहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना कोटइसे खां के अधीन पड़ते गांव मंदर निवासी एक व्यक्ति ने पत्नी के संबंधों से आहत होकर शादी के महज 13 दिन बाद जहर निगलकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और सास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि गुरजीत सिंह निवासी गांव मंदर ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में कहा कि उसका भतीजा कमलप्रीत सिंह तीन साल से दुबई में ट्रक ड्राइवर था।
एक माह पहले कमलप्रीत शादी करने के लिए दुबई से लौटा था। सात जनवरी को कमलप्रीत सिंह ने अपने परिवार की मर्जी से तरनतारन के एक गांव की युवती से शादी की। शादी के दो दिन बाद ही कमलप्रीत सिंह ने अपनी पत्नी को प्रेमी से फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया। बावजूद इसके उसकी पत्नी अपनी हरकतों से बाज न आई और प्रेमी को निरंतर फोन करती रही।
10 जनवरी को मृतक की सास बेटी की ससुराल आई और कुछ दिन के लिए बेटी को अपने साथ ले गई। काफी दिन बीत जाने पर भी जब पत्नी नहीं लौटी तो कमलप्रीत सिंह उसे लेने 19 जनवरी को ससुराल गया। वहां पत्नी ने कमलप्रीत सिंह के साथ जाने से इंकार कर दिया।
जब कमलप्रीत सिंह ने अपनी पत्नी के संबंधों के बारे में सास को बताया तो उसकी सास ने भी अपनी बेटी को कमलप्रीत के साथ भेजने से इंकार कर दिया। इससे आहत होकर कमलप्रीत अकेला घर लौट आया। शाम को उसने जहर निगल लिया। हालत बिगड़ने पर कमलप्रीत को कोटइसे खां के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहां 20 जनवरी की सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गुरजीत सिंह के बयान पर कमलप्रीत सिंह की पत्नी , सास व पत्नी के प्रेमी जस्स नामक व्यक्ति के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया गया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि कमलप्रीत सिंह के पिता मंजीत सिंह की 20 साल पहले 20 जनवरी को सड़क हादसे में मौत हो गई। इसके बाद कमलप्रीत सिंह घर में अकेला कमाने वाला था। कमलप्रीत सिंह के घर में उसकी मां और बहन है।