Punjab: जल्द शुरू होगा कपूरथला मेडिकल कॉलेज का निर्माण, 2025 तक बनकर होगा तैयार, स्वास्थ्य मंत्री ने किया एलान
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने गुरुवार को कपूरथला सिविल अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी जल्द दूर होगी। सरकार जल्द ही 1200 डॉक्टरों और 1800 सहायक स्टाफ की भर्ती करने जा रही है। वहीं 15 फरवरी से सिविल अस्पतालों में 250 दवाएं मुफ्त मिलेंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि कपूरथला मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द ही शुरू किया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और फरवरी के पहले सप्ताह में टेंडर खुलेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह गुरुवार को स्थानीय सिविल अस्पताल में मेडिकल कॉलेज की जगह का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू, जनरल वार्ड, सखी वन स्टॉप सेंटर और नशा मुक्ति केंद्र का भी दौरा किया और मरीजों और आम जनता को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है और 2025 के अंत तक कॉलेज बनकर तैयार हो जाएगा। यह मेडिकल कॉलेज अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित होगा। यहां विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टर 24 घंटे मौजूद रहेंगे।
पंजाब में चल रहे आम आदमी क्लीनिकों के बारे में उन्होंने कहा कि जिन क्लीनिकों में ओपीडी बेहद कम है, वहां इलाकों के बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं की मुफ्त जांच करने का निर्देश दिया गया है। कपूरथला के गांव परमजीतपुर, डडविंडी और खालू आम आदमी क्लीनिक में डॉक्टर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के मुफ्त टेस्ट करेंगे।
सूबे में 664 आम आदमी क्लीनिक कार्यरत हैं। इनमें अब तक 86 लाख से अधिक लोग स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने मुख्यमंत्री अस्पताल कल्याण समिति के गठन के बारे में बताया कि सिविल अस्पतालों में लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं में अन्य आवश्यक सुधार लागू करने की खातिर मुख्यमंत्री अस्पताल कल्याण समितियों का गठन किया जा रहा है। इनमें सिविल सर्जन, चिकित्सा अधीक्षक, एसएमओ, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि और स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान देने वाली हस्तियां शामिल होंगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सुधार करने के बाद अब सब-डिवीजन और जिला स्तर के अस्पतालों की बारी। उन्होंने कहा कि इन अस्पतालों में बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़े सुधार करने की नीति तैयार की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोगों को अधिक सुविधा देने के लिए 15 फरवरी से सरकारी अस्पतालों में मिलने वाली मुफ्त दवाओं की संख्या 150 से बढ़ाकर 250 की जा रही है।
जिला रेजीडेंसी कार्यक्रम के तहत लोगों को सुचारू स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए कपूरथला के अस्पताल को अमृतसर के मेडिकल कॉलेज से जोड़ा जाएगा। अस्पतालों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी के बारे में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने इस कमी को दूर करने के लिए एक भर्ती योजना तैयार की है, जिसके तहत 1200 विशेषज्ञ डॉक्टरों और 1800 सहायक स्टाफ के पद भरे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता आधारित नीति के तहत सेवानिवृत्त होने वाले डॉक्टरों की सेवा अवधि बढ़ाने का भी प्रस्ताव दिया गया है ताकि अस्पतालों में चिकित्सा सेवाओं में कोई ठहराव न हो। कपूरथला सिविल अस्पताल में बने आईसीयू के बारे में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह सेंटर कुछ ही हफ्तों में पूरी तरह कार्यशील हो जाएगा और लोगों को आवश्यक सेवाएं प्रदान करेगा।