पंजाब में मुफ्त लगेगी कोरोना वैक्सीन, स्वास्थ्य मंत्री ने लोहड़ी पर लोगों को दिया बड़ा तोहफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोहड़ी के दिन पंजाब के लोगों के लिए अच्छी खबर आई। पंजाब सरकार ने कोरोना के निशुल्क टीके की घोषणा की है। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने घोषणा करते हुए कहा कि पंजाब में किसी भी जरूरतमंद से टीकाकरण का कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। हालांकि केंद्र सरकार अपने मुफ्त टीका देने के वादे से मुकर रही है।
मोहाली में बुधवार को एक कार्यक्रम में यह बड़ी घोषणा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोविशील्ड की 20450 शीशियां पहुंच चुकी हैं। 16 जनवरी से टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। टीकाकरण से पहले पंजाब में कोरोना वैक्सीन का तीन बार पूर्वाभ्यास (ड्राई रन) किया जा चुका है। यदि जरूरत पड़ी तो एक बार फिर टीकाकरण से पूर्व पूर्वाभ्यास किया जाएगा। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से जरूरी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि सबसे पहले टीका स्वास्थ्य कर्मियों को लगाया जाएगा। राज्य में 110 जगह टीकाकरण किया जाएगा। हर चिन्हित स्थान पर 100 लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। मंगलवार को पुणे से कोविशील्ड वैक्सीन की पहली खेप चंडीगढ़ पहुंची। पंजाब को 20450 वायल्स (शीशियां) मिली हैं। बुधवार को चंडीगढ़ से कड़ी सुरक्षा के बीच पंजाब के 22 जिलों में वैक्सीन रवाना कर दी गई है। इस वैक्सीन से पंजाब के दो लाख से ज्यादा लोग लाभान्वित हो पाएंगे।
पंजाब में कोरोना से सात की मौत, 258 नए मामले
पंजाब में कोरोना से मौतों के आंकड़ों में कोई गिरावट नहीं आ रही है। बुधवार को राज्य में कोरोना से सात लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही सूबे में वायरस से मरने वालों की संख्या 5463 पहुंच गई है। इसके अलावा 258 नए मामले भी सामने आए हैं। राज्य में अब तक 169737 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक पंजाब में संदिग्ध मामलों की संख्या 4158855 पहुंच गई है। इनमें पॉजिटिव मरीजों की संख्या 169737 दर्ज की गई है। 161457 लोग ठीक हो चुके हैं। सांस लेने में परेशानी होने पर 94 संक्रमित मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। नौ लोगों की हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया है।
संक्रमण से मौतों के मामले में लुधियाना पहले स्थान पर है। यहां अब तक सबसे ज्यादा 976 लोग संक्रमण से मौत का शिकार हो चुके हैं। जालंधर में 653 और पटियाला में 491 लोग दम तोड़ चुके हैं। बुधवार को अमृतसर में 2, होशियारपुर में 2, पठानकोट में 2, एसबीएस नगर में 1 मरीज की मौत हो गई।
पंजाब में किसी भी जरूरतमंद से टीकाकरण का कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। सारा खर्च सरकार खुद वहन करेगी। हालांकि केंद्र सरकार ने वादा किया था कि वह कोरोना का टीका मुफ्त में राज्यों को मुहैया कराएगी, अब सरकार इसका पैसा ले रही है। बलबीर सिंह सिद्धू, स्वास्थ्य मंत्री, पंजाब सरकार।