अमृतसर में गरजे सिद्धू: अरविंद केजरीवाल पर साधा निशाना, कहा-झूठे हैं दिल्ली के सीएम
पंजाब विधानसभा चुनाव में कुछ ही समय रह गया है। सत्ताधारी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की तरफ से एक दूसरे पर टिप्पणियों का दौर तेज होने लगा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिद्धू ने सोमवार को एक बार फिर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने अमृतसर में कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल झूठे हैं, वह अमीर लोगों पर टैक्स लगाते हैं और उस पैसे से झुग्गी-झोपड़ियों में मुफ्त बिजली मुहैया कराते हैं। कब तक वे लोगों को यह लॉलीपॉप उपलब्ध कराने जा रहे हैं। पंजाब में यह नहीं चलेगा।
अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को घेरने की कमान अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने संभाल ली है। सिद्धू रविवार को केजरीवाल के आवास के बाहर दिल्ली में आंदोलनरत गेस्ट टीचरों के समर्थन में धरना देने पहुंचे थे।
दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था पर साधा था निशाना
उन्होंने पूछा था कि कहां हैं केजरीवाल। दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को उन्होंने ऊंची दुकान, फीका पकवान बताया था। सिद्धू ने धरने के बाद ट्वीट कर दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। सिद्धू ने लिखा था कि आप ने 2015 में हुए अपने चुनावी घोषणा पत्र में आठ लाख नौकरियां और 20 नए कॉलेज खोलने का वादा किया था लेकिन अभी तक सिर्फ 440 लोगों को ही नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में 2022 में होने वाले चुनाव के मद्देनजर केजरीवाल गारंटी दे रहे हैं लेकिन अब उन्हीं की घंटियां बज गई हैं। रोजगार को लेकर हालात इतने खराब हैं कि पिछले कुछ वर्षों में यहां बेरोजगारों की संख्या पांच गुना बढ़ चुकी है। अभी दिल्ली सरकार ठेके के गेस्ट टीचरों से काम चला रही है।
सीएम चन्नी भी केजरीवाल को कह चुके हैं झूठा
इससे पहले सीएम चरणजीत चन्नी ने भी केजरीवाल पर निशाना साधा था। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा था कि केजरीवाल कौन हैं, कहां से आए हैं। केजरीवाल हर चीज के बारे में झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि वे दिल्ली से आकर पंजाब पर कब्जा करना चाहते हैं। पंजाब में वे जो वादे कर रहे हैं, पहले उन्हें दिल्ली में पूरा करें। केजरीवाल गंदी राजनीति कर रहे हैं। पंजाब की सत्ता हथियाने के लिए वह अफवाहें फैला रहे हैं। केजरीवाल पंजाब के बारे में कुछ नहीं जानते। मुख्यमंत्री ने कहा था कि केजरीवाल सत्ता के लालची हैं। ‘आप’ वाले यह समझ लें कि पंजाबी लोग किसी बाहरी व्यक्ति को राज करने की इजाजत नहीं देंगे। इस तरह गंदी राजनीति कर पंजाब की सत्ता नहीं हथियाई जा सकती है।