पंजाब: कांग्रेस प्रधान बाजवा पर गिर सकती है गाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब कांग्रेस में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी विधायक लाल सिंह को पंजाब कांग्रेस की कमान सौंपी जा सकती है।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लाल सिंह को प्रधान बनाने के लिए हरी झंडी दे दी है, लेकिन अभी तक इसी अधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लाल सिंह पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री हैं और सनौर विधानसभा से विधायक हैं।
लाल सिंह वरिष्ठ कांग्रेसी विधायक हैं और अब तक 6 बार विधायक बन चुके हैं। वे 8 बार पार्टी की ओर से चुनाव लड़ चुके हैं। 2009 के चुनाव से पहले उन्हें पंजाब कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। तब उनके नेतृत्व में पार्टी ने 13 में से 8 सीटें जीती थीं।
बाजवा की अगुवाई में तीसरी बार हारी पार्टी
गौरतलब है कि पंजाब कांग्रेस में पिछले काफी समय मौजूदा प्रधान प्रताप सिंह बाजवा का जोर-शोर से विरोध हो रहा था। बाजवा की अगुवाई में पार्टी को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है। पहले लोक सभा, फिर उपचुनाव और अब निकाय चुनाव में भी पार्टी का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है।
वीरवार को आए छह निगमों के नतीजे पार्टी के लिए निराशाजनक रहे हैं। इससे बाजवा की मुश्किल बढ़ गईं। निकाय चुनाव में टिकट वितरण का दारोमदार बाजवा पर था। उन्होंने पहली बार निगमों और काउंसिलों में सीधा दखल देते हुए अपनी मर्जी से टिकट बांटे।
कई जगह स्थानीय विधायकों या अन्य नेताओं की सिफारिशों को नजरंदाज किया गया, जिससे काफी विरोध हुआ। बड़ी संख्या में कांग्रेस के बागी उम्मीदवार भी खड़े हुए। इन सबका असर चुनाव नतीजों पर पड़ा। पहले ही बाजवा के खिलाफ जबरदस्त मुखालफत हो रही थी।