पंजाब के तीन जिलों में नकली शराब से 48 की मौत, कैप्टन ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
- मुख्यमंत्री ने जालंधर डिवीजन के कमिश्नर को सौंपा जांच का जिम्मा
- कैप्टन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही का किया वादा
- पुलिस को नकली शराब बनाने वालों पर शिकंजा कसने के आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने अमृतसर, बटाला और तरनतारन जिलों में कथित तौर पर नकली शराब पीने से हुई 48 व्यक्तियों की मौत के मामले में जालंधर डिवीजन के कमिश्नर को मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। इस दु:खद घटना में एक व्यक्ति के गंभीर होने की रिपोर्ट है। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, यह जांच डिवीजनल कमिश्नर जालंधर की तरफ से संयुक्त आबकारी एवं कर कमिश्नर पंजाब और सम्बन्धित जिलों के एसपी (इन्वेस्टिगेशन) के साथ मिलकर की जायेगी।
मुख्यमंत्री ने जांच को तेजी से पूरा करने के लिए डिवीजनल कमिशनर जालंधर को कोई भी सिविल/पुलिस अफसर या किसी भी विशेषज्ञ की सेवाएं लेने के अधिकार दिए हैं। उन्होंने वादा किया कि इस मामले में दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। इस मामले में अब तक एक महिला की गिरफ्तारी हुई है।
राज्य में तलाशी मुहिम शुरू करने के आदेश
घटना को गम्भीरता से लेते हुये कैप्टन ने पुलिस को निर्देश दिए कि राज्य में नकली शराब बनाने के काम पर शिकंजा कसते हुए तलाशी मुहिम शुरु की जाए।
अब तक इस मामले में यह हुई कार्यवाही
पुलिस ने बलविन्दर कौर निवासी मुच्छल को तरसिक्का थाने में दर्ज आईपीसी की धारा 304 और एक्साईज एक्ट की धारा 61 /1/14 के अंतर्गत गिरफ़्तार कर लिया है। अमृतसर ग्रामीण जहां सबसे पहले मामले सामने आए, के पुलिस प्रमुख की तरफ से गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) की पड़ताल भी जारी है। मौतों के सही कारणों का पता लगाने के लिए चार व्यक्तियों जसविन्दर सिंह, कश्मीर सिंह, किरपाल सिंह और जसवंत सिंह का शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया गया।
यह है मामला
डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि सबसे पहले 29 जून की रात को अमृतसर ग्रामीण पुलिस थाने तरसिक्का के गांव मुच्छल और टांगरा से पांच मौतें सामने आईं। 30 जुलाई की शाम को मुच्छल में दो और व्यक्तियों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति को नाजुक हालत में अस्पताल में दाखिल करवाया गया। यहां से बाद में श्री गुरु रामदास अस्पताल से टांगरा रेफर कर दिया गया। वहीं पर व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। इसके बाद में नकली शराब पीने से गांव मुच्छल से दो और मौतें हुई जबकि दो अन्य व्यक्ति की बटाला शहर में मौत हो गई।
शुक्रवार को बटाला में अन्य पांच व्यक्तियों की मौत हो गई, जिससे शहर में मरने वालों की संख्या सात तक पहुंच गई। एक व्यक्ति को नाजुक हालत में बटाला के सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इसी तरह तरनतारन से चार और संदिग्ध मौतें हुई हैं। मृतकों की पहचान मंगल सिंह, बलविन्दर सिंह, दलबीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, कश्मीर सिंह, काका सिंह, किरपाल सिंह, जसवंत सिंह और जोगा सिंह सभी निवासी गांव मुच्छल थाना तरसिक्का अमृतसर ग्रामीण के अलावा हलदेव सिंह निवासी टांगरा थाना तरसिक्का अमृतसर ग्रामीण, काला, कालू, बिल्ला और जतिन्दर सभी निवासी बटाला के तौर पर हुई है। तरनतारन में मरने वालों की पहचान साहिब सिंह, हरबण सिंह, सुखदेव सिंह और धर्म सिंह के तौर पर हुई है।