बड़े एलान: जालंधर-होशियारपुर में नए फोकल पॉइंट, अमृतसर में होगी पर्यटन पुलिस, बॉर्डर बेल्ट में लगेंगे उद्योग
मान ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस और यातायात प्रबंधन के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग करने की तैयारी कर रही है। इससे पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली को वैज्ञानिक आधार पर अपनाने में मदद मिलेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को अमृतसर और जालंधर में उद्योगपति-सरकार मिलनी कार्यक्रम में कई बड़ी घोषणाएं कीं। कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी विशेष रूप से पहुंचे थे। केजरीवाल की मौजूदगी सीएम मान ने जालंधर और होशियारपुर में एक-एक नया फोकल पॉइंट बनाने का एलान किया। जालंधर के लेदर कांप्लेक्स में उद्योगपति लंबे समय से फोकल पॉइंट की मांग कर रहे थे। इसके अलावा अमृतसर में पर्यटन पुलिस का गठन और शहर में शटल ई-बसें चलाने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की मदद के लिए विशेष पुलिस बल बनाया जाएगा। पर्यटन पुलिस की वर्दी अलग होगी, ताकि उन्हें आसानी से पहचाना जा सके। अमृतसर में इलेक्ट्रिक शटल बसें शुरू करने से प्रदूषण के स्तर को कम करने में मदद मिलेगी। तीर्थ यात्रियों को भी सुविधा होगी। राज्य के सीमावर्ती इलाकों में औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी। यहां औद्योगीकरण में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने अमृतसर में तीन और जालंधर में दो नए 66 केवी स्टेशन बनाने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब में उद्योगपतियों की जरूरतों और सुविधा के अनुसार नीतियां बनाई जाएंगी। सीमा क्षेत्र में पहचान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित किया जाएगा और इसमें आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। इससे राज्य के विकास को, विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव की तैयारी के दौरान उन्होंने उद्योगपतियों को कई गारंटियां दी थीं। इनमें से अधिकतर को पूरा किया गया है।
उद्योगों को भी नहरी पानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार औद्योगिक इकाइयों के लिए भी नहरी पानी का तर्कसंगत उपयोग सुनिश्चित करेगी। उद्योग जगत जो भी मांग करेगा, राज्य सरकार उसे जल्द पूरा करेगी।
पुलिस व यातायात प्रबंधन में एआई का उपयोग
मान ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस और यातायात प्रबंधन के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग करने की तैयारी कर रही है। इससे पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली को वैज्ञानिक आधार पर अपनाने में मदद मिलेगी।
पर्यटन सम्मेलन से 1500 करोड़
मान ने कहा कि अमृतसर में 50-100 एकड़ क्षेत्र में एक सेलिब्रेशन पॉइंट बनाया जाएगा। हाल ही में हुए पर्यटन सम्मेलन में निवेशकों ने राज्य में करीब 1500 करोड़ रुपये के निवेश की इच्छा जताई है। सरकार के प्रयासों से राज्य में अब तक 50,840 करोड़ रुपये का निवेश आया है। टाटा स्टील ने जमशेदपुर के बाद पंजाब में दूसरा सबसे बड़ा निवेश किया है। इसी तरह जिंदल स्टील, वर्बियो, क्लास, टैफे, हिंदुस्तान लिवर समेत कई बड़ी कंपनियां राज्य में निवेश कर रही हैं। इससे 2.25 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा।
हम आपको अपना साझेदार मानते हैं: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मान सरकार उद्योगपतियों को अपना भागीदार मानती है, जिनके बिना राज्य का विकास संभव नहीं होगा। पंजाब में आप सरकार उद्योग को फलने-फूलने के लिए अनुकूल माहौल देगी। पिछली सरकारें उद्योगपतियों को शक की निगाह से देखती थीं और हमेशा सोचती थीं कि वे उनका कितना फायदा उठा सकते हैं। हम आपको अपना भागीदार मानते हैं।
उन्होंने भगवंत मान की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब मान साहब सीएम बने तो कई लोगों ने कहा कि वह एक कलाकार हैं और उन्हें संदेह था कि वह सरकार चला पाएंगे या नहीं। आज, मैं कह सकता हूं कि वह देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशासकों में से एक हैं। यह मैं लोगों की प्रतिक्रिया के आधार पर कह रहा हूं। वह पंजाब के अब तक के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री साबित हो रहे हैं।
बलिदानियों की याद में मौन
मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हुई बैठक में शुरुआत में जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले में बलिदान हुए मोहाली के कर्नल मनप्रीत सिंह और अन्य जवानों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया।
पंजाब के फोकल प्वाइंट में खोली जाएंगी 14 पुलिस चौकियां और थाने
भगवंत मान ने एलान किया कि इंडस्ट्रियल एरिया में लूट की वारदातें बढ़ गई हैं। इसके बाद व्यापारियों ने सुरक्षा चौकियां को बनाने का निवेदन किया। अब सरकार ने फोकल प्वाइंट में 14 चौकियां और थाने स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसमें अमृतसर फोकल प्वाइंट में एक, जालंधर के लेदर कांप्लेक्स में एक और होशियारपुर में दो चौकी का निर्माण किया जाएगा।
बठिंडा के इंडस्ट्रियल एरिया ग्रोथ सेंटर, फतेहगढ़ साहिब के फोकल प्वाइंट अजनाली और पटियाला फोकल प्वाइंट में एक-एक चौकी का निर्माण होगा। लुधियाना की ईश्वर कॉलोनी, इंडस्ट्री एरिया, ढंडारी कलां, शेरपुर, ग्यासपुर और एल्डिको में छह चौकियों के अलावा खन्ना के दोराहा में एक चौकी स्थापित की जाएगी। आईटी सिटी मोहाली में इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की मांग पर नया थाना खोला जाएगा।