Punjab: भगवंत मान पर भाजपा का पलटवार, पूछा- राघव चड्ढा का राज्यसभा के लिए चयन कैसे हुआ?
पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दबाव में असांविधानिक फैसले ले रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी इसकी निंदा करती है।
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित के बीच बढ़ती तनातनी में पंजाब भाजपा भी कूद पड़ी है। प्रदेश भाजपा ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए पंजाब से आप राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की नियुक्ति पर सवाल उठाए हैं।
भाजपा ने अपने ट्विटर हैंडल पर हैशटैग अभियान छेड़ते हुए लिखा है कि जवाब तां देना पैना यानी सरकार को जवाब तो देना पड़ेगा। पंजाब भाजपा ने बुधवार को ट्वीट करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री महोदय, आप पूछ रहे हैं कि गवर्नर की नियुक्ति कैसे हुई लेकिन पंजाबी जानना चाहते हैं कि राघव चड्ढा का चयन राज्यसभा के लिए कैसे हुआ।
वहीं, पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दबाव में असांविधानिक फैसले ले रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी इसकी निंदा करती है। पंजाब में संविधानिक व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे पंजाबियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पंजाबियों की भलाई से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है, वह केवल राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा अपराधियों को उच्च और अध्यक्ष पद दिए जा रहे हैं, जो बहुत ही चिंताजनक है।
राज्यपाल से माफी मांगें सीएम भगवंत मान: जैसवाल
भाजपा प्रदेश महासचिव मोना जैसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा केजरीवाल की चाटुकारिता करते हुए राज्यपाल के साथ किया जा रहा अभद्र व्यवहार बेहद शर्मनाक है। जैसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्यपाल का अपमान कर पंजाब और पंजाबियों की बार-बार बदनामी करवा रहे हैं।
सीएम को राज्यपाल से माफी मांगनी चाहिए और मुख्यमंत्री को अपने फर्ज याद रखने चाहिए। लोगों ने आम आदमी पार्टी को बहुमत देकर भगवंत मान को मुख्यमंत्री बनाया है लेकिन पंजाब की सत्ता को संभालने, नशे पर रोक लगाने, बढ़ रही अराजकता, गुंडागर्दी लूटपाट को रोकने में नाकाम मुख्यमंत्री से सांविधानिक पद पर बैठे राज्यपाल ने जवाब मांगा तो वह अभद्रता पर उतर आए।