पंजाब का बजट सत्र : विधानसभा अध्यक्ष राणा केपी की अपील- सीएम की बेंच पर न आएं विधायक, बाहर करें मुलाकात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष राणा केपी सिंह ने सभी सदस्यों से कोविड-19 की हिदायतों के पालन की अपील की और सभी सदस्यों को बेंच पर एक साथ बैठने से मना किया। वहीं मुख्यमंत्री की बेंच पर न आने की ताकीद भी की।
दूसरे दिन सत्र की कार्यवाही आरंभ करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे कोविड-19 महामारी को गंभीरता से लें और गंभीरता से एहतियाती उपाय अपनाएं।
उन्होंने कहा कि सदस्य अपनी बेंच से उठकर अन्य सदस्यों के साथ उनकी बैंच पर न बैठें और सामाजिक दूरी का पालन करें। इसके अलावा बार-बार मुख्यमंत्री की बेंच पर भी न जाएं। अगर उन्हें मुख्यमंत्री से मिलना ही है तो वे कैप्टन से सदन के बाहर मिलें।
उल्लेखनीय है कि राज्य में कोरोना महामारी फैलने के बाद से विधानसभा में भी नियमों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। पिछले साल से विधानसभा सत्रों के दौरान सदन में प्रवेश करने वाले सभी सदस्यों, अफसरों, कर्मचारियों और मीडियाकर्मियों के लिए कोविड टेस्ट अनिवार्य किया जा चुका है।
विधानसभा के मौजूदा बजट सत्र में भी यही एहतियात अपनाए गए हैं। इसके बावजूद सोमवार और मंगलवार को सदन में कई सदस्य इस मामले को लेकर काफी लापरवाह दिखाई दिए। वे अन्य सदस्यों के साथ उनकी बैंच पर जाकर बातचीत करते रहे, जबकि सामाजिक दूरी के नियम के तहत एक बेंच पर अब केवल एक सदस्य के बैठने की व्यवस्था की गई है।
वहीं, सदन में प्रवेश करते हुए मुख्यमंत्री से आकर मिलना, उनका अभिवादन करना या चरण स्पर्श करना, साधारण परंपरा के रूप में हमेशा चलता रहा है। लेकिन कोविड के चलते इस मामले में भी विधानसभा अध्यक्ष ने मंगलवार को सदस्यों से आग्रह किया। उन्होंने सदस्यों से कहा कि वे मुख्यमंत्री से सदन से बाहर मिलें ताकि सामाजिक दूरी के नियम का भी पालन हो सके।
गौरतलब है कि विधानसभा के 10वें विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी अपना कोविड टेस्ट कराने के साथ-साथ होम क्वारंटीन होना पड़ा था, जब सदन में उनकी बेंच पर मिलने पहुंचे विधायक कुलबीर सिंह जीरा बाद में कोविड पॉजिटिव मिले थे। तब कैप्टन ने उनकी पीठ थपथपाकर उन्हें आशीर्वाद दिया था। इसके चलते उन्हें होम क्वारंटीन होना पड़ा था।