Punjab Election 2022 Date: पंजाब में 20 फरवरी को होगा मतदान, 16 फरवरी को गुरु रविदास जयंती के कारण बदली तारीख
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने चुनाव आयोग से रविदास जयंती के मद्देनजर चुनाव छह दिनों के लिए टालने का आग्रह किया था। इसके बाद बीजेपी और बसपा समेत अन्य पार्टियों ने भी एक चरण में होने वाले चुनाव को स्थगित करने का अनुरोध किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब विधानसभा चुनाव की तारीख में अहम बदलाव हुआ है। अब पंजाब में 14 फरवरी के बजाय 20 फरवरी को मतदान होगा। संत रविदास जयंती की वजह से लगभग सभी राजनीतिक दलों ने मतदान की तारीख एक हफ्ता आगे बढ़ाने की मांग की थी। पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) डॉ. एस करुणा राजू ने बताया कि चुनाव आयोग को राज्य सरकार, राजनीतिक दलों और अन्य संगठनों की ओर से इस संबंध में आवेदन प्राप्त हुए थे। पत्र के माध्यम से बताया गया था कि 16 फरवरी को गुरु रविदास जयंती है।
पंजाब के हजारों श्रद्धालु जयंती मनाने एक हफ्ता पहले वाराणसी स्थित संत रविदास जी के जन्मस्थल पर जाते हैं। इस वजह से बड़ी संख्या में लोग मतदान से वंचित रह सकते हैं। आयोग ने इस संबंध में राज्य सरकार और मुख्य चुनाव अधिकारी पंजाब से जानकारी ली। राज्य सरकार और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के इनपुट, पिछली प्राथमिकता और मामले में सभी तथ्यों और परिस्थितियों से निकलने वाले तथ्यों पर विचार के बाद आयोग ने पंजाब विधानसभा के आम चुनावों के पुनर्निर्धारण का निर्णय लिया है।
इन राजनीतिक दलों ने की मांग
पंजाब में चुनाव की तारीख बदलने के लिए बसपा के प्रदेश अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने आयोग को चिट्ठी लिखी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी ने पत्र लिखकर चुनाव की तिथि बदलने को कहा था। फिर भारतीय जनता पार्टी, कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव ढींढसा की शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) ने भी चुनाव टालने की मांग की थी।
सोशल मीडिया पर प्रचार की लेनी होगी अनुमति
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. राजू ने कहा कि सोशल मीडिया सामान्य मीडिया से अलग नहीं है। किसी भी राजनीतिक अभियान को चलाने के लिए समान नियम लागू होंगे। सभी राजनीतिक दलों को सोशल मीडिया पर प्रचार के लिए अनुमति लेनी होगी।
सीआरपीएफ की मांगीं 1050 कंपनियां
सीमावर्ती राज्य होने के साथ ही पंजाब चुनाव के दौरान सुरक्षा बड़ी चुनौती है। पंजाब चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए आयोग से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 1050 कंपनियों की मांग की है। राज्य में अब तक 50 कंपनियां तैनात की जा चुकी हैं।
अब यह रहेगा चुनावी कार्यक्रम
- 25 जनवरी नामांकन प्रक्रिया शुरू
- 1 फरवरी नामांकन का अंतिम दिन
- 2 फरवरी नामांकन पत्रों की जांच
- 4 फरवरी नाम वापसी का अंतिम दिन
- 20 फरवरी को मतदान
- 10 मार्च को मतगणना
मैंने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर गुरु रविदास जयंती के मद्देनजर पंजाब विधानसभा चुनाव स्थगित करने का अनुरोध किया था। मैं चुनाव आयोग का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने अनुरोध स्वीकार कर लिया और चुनाव की तारीख बढ़ा दी। पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी।
I wrote to the Election Commission of India (ECI) requesting them to postpone the Punjab Assembly polls, in view of Guru Ravidas birth anniversary. I am thankful to ECI that they accepted the request and extended the poll date: Punjab CM Charanjit Singh Channi pic.twitter.com/gkMMySdYpH— ANI (@ANI) January 17, 2022