Congress CM Face Punjab: कांग्रेस की सरकार आई तो चन्नी होंगे पंजाब सीएम, सिद्धू का मॉडल भी लागू होगा
राहुल गांधी दोपहर साढ़े 12 बजे एयरफोर्स स्टेशन हलवारा पहुंचे जहां से वे सीएम चरणजीत चन्नी, नवजोत सिद्धू और सुनील जाखड़ के साथ लुधियाना पहुंचे। राहुल गांधी ने मंच पर आते ही स्वर कोकिला दिवंगत लता मंगेशकर की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
विस्तार
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब चुनाव के लिए पार्टी का सीएम उम्मीदवार घोषित किया। लुधियाना में आयोजित वर्चुअल रैली में राहुल गांधी ने कहा कि यह फैसला लेना काफी मुश्किल था लेकिन पंजाब की जनता ने इसे काफी आसान बना दिया।
पंजाब के लोगों ने अपनी राय में बताया कि उन्हें गरीब घर का मुख्यमंत्री चाहिए, जो गरीबी और उनकी भूख को समझें। इतना कहते ही कार्यकर्ताओं ने चन्नी के पक्ष में नारे लगाने शुरू कर दिए और राहुल गांधी ने मंच से चन्नी के नाम का एलान कर दिया। घोषणा के बाद चन्नी ने मंच पर नतमस्तक होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और कहा कि मैं सभी को धन्यवाद देता हूं। ये एक बड़ी लड़ाई है, जिसे मैं अकेला नहीं लड़ सकता।
मेरे पास पैसे नहीं हैं, लड़ने की हिम्मत नहीं है। चन्नी ने कहा कि पंजाब की जनता ये लड़ाई लड़ेगी। कभी कोई गलत काम नहीं करूंगा। गलत पैसा घर नहीं आने दूंगा, सिर्फ पारदर्शिता रहेगी। पंजाब को सोना बना दूंगा। नवजोत सिंह सिद्धू का मॉडल पंजाब बनेगा, जो सिद्धू साहब करना चाहेंगे वो करेंगे। जाखड़ साहब की लीडरशिप पंजाब को आगे ले जाएगी, मैं सिर्फ माध्यम बनूंगा।
इससे पहले सिद्धू ने कहा कि वह पंजाब के लिए लड़ते हैं और पंजाब के सबसे बड़े आशिक हैं। पंजाब उनके दिल में बसता है। उन्हें किसी पद की लालसा नहीं है, मगर उन्होंने अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी से यह तक कह दिया कि उन्हें दर्शनी घोड़ा न बनाया जाए। वह पंजाब के लिए रखी जा रही नींव का वह पहला पत्थर बनने के लिए तैयार हैं। सिद्धू ने चरणजीत चन्नी को पंजाब में एसी सीएम बनाने के लिए राहुल गांधी की तारीफ की।
ठाठ नानकसर में नतमस्तक हुए चन्नी
लुधियाना में मुख्यमंत्री चेहरा घोषित होने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी पहली बार देर शाम ठाठ नानकसर में नतमस्तक होने पहुंचे। सीएम चन्नी जब ठाठ नानकसर के मुख्य दरबार साहिब में पहुंचे तो दरबार साहिब में उस समय श्री गुरु ग्रंथ साहिब की इलाही वाणी का कीर्तन चल रहा था। सीएम चन्नी ने कुछ देर बैठकर कीर्तन सुना। इसके बाद उन्होंने नानकसर संप्रदाय के संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। ठाठ नानकसर के बाबा गुरजीत सिंह बाबा लक्खा सिंह और बाबा अरविंदर सिंह ने सीएम चन्नी को सिरोपा देकर सम्मानित किया। जाते समय उन्होंने कहा कि वह बहुत खुश हैं और संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने आए हैं।
सीएम चन्नी के साथ युवाओं में सेल्फी लेने की मची होड़
सीएम चन्नी के ठाठ नानकसर पहुंचने पर वहां पर मौजूद युवाओं में सीएम चन्नी के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई। इस दौरान सीएम चन्नी ने भी बेझिझक तमाम सुरक्षा प्रबंधों को दरकिनार कर युवाओं के साथ सेल्फी खिंचवाई। एक बुजुर्ग महिला ने सीएम चन्नी को गले लगा लिया तो सीएम चन्नी ने भी उनके पांव छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
चन्नी के आगे बढ़ने की पांच बड़ी वजह
- सीएम बनने के बाद स्वयं को आम आदमी के रूप में पेश किया
- अनुसूचित जाति से होना, पार्टी दूसरे प्रदेश में इसे मॉडल के तौर पर पेश करेगी
- सिद्धू चन्नी पर सवाल उठाते रहे लेकिन कभी कड़ी प्रतिक्रिया नहीं दी
- पार्टी में गुटबाजी खत्म कर सबसे साथ लेकर चलते रहे
- तीन महीने में खुद को एक ब्रांड के तौर पर स्थापित किया
सिद्धू के पिछड़ने की पांच बड़ी वजह
- केंद्रीय नेतृत्व से बाहर जाकर सार्वजनिक मंच पर बयानबाजी
- पार्टी घोषणा पत्र से पहले पंजाब मॉडल पेश कर आलाकमान को दी चुनौती
- स्वयं को सार्वजनिक मंच पर ईमानदार और दूसरे नेताओं को भ्रष्ट कहना भारी पड़ा
- केंद्रीय नेतृत्व के फैसले का खुलकर विरोध में खड़ा होना
- सिद्धू के लगातार आक्रामक तेवर राजनीति के मैदान को खेल का मैदान समझ बैठे
बसपा को रोकने के सारे हथियार फेल होने के बाद 111 दिन के असफल चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री चेहरा बनाकर कांग्रेस ने असफल प्रयास किया है। कांग्रेस को इससे पहले सरकार बनाने के लिए जरूरी 59 विधायकों को पूरा करना चाहिए था। - जसवीर सिंह गढ़ी, प्रदेश अध्यक्ष, पंजाब बसपा
कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा रेत माफिया है। ईडी की रेड और उनके भतीजे की गिरफ्तारी के बाद यह स्पष्ट हो चुका है कि चन्नी ही पंजाब के रेत माफिया हैं। - सुखबीर बादल, प्रधान, शिअद
कांग्रेस ने माफिया को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया है। कांग्रेस को हमेशा ही कमाने वाला बेटा चाहिए चाहें वह जीरो की क्यों न हो। - भगवंत मान, प्रदेश अध्यक्ष, पंजाब आप