चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी को डीएसडब्ल्यू आज मिल जाएंगे। प्रो. एसके तोमर का कार्यकाल बढ़ाए जाने की पूरी तैयारी है। वहीं, महिला डीएसडब्ल्यू के नामों पर अभी असमंजस है। इनके अलावा चार छात्रावासों को नए वार्डन भी मिलेंगे। बताया जाता है कि वार्डन की तैनाती शिक्षकों के बीच मु्द्दा बन सकती है, क्योंकि तमाम शिक्षक चाहते हैं कि वरिष्ठता के आधार पर तैनाती होनी चाहिए। साथ ही इसके लिए आवेदन मांगे जाने चाहिए जो इस बार नहीं मांगे गए।
महिला डीएसडब्ल्यू के लिए माना जा रहा है कि प्रो. सिमरित काहलो, प्रो. अंजू सूरी, प्रो. प्रोमिका पाठक आदि के नाम शॉर्टलिस्ट किए गए हैं, लेकिन अब तक वह फाइनल नहीं हो पाए हैं। सोमवार को एक नाम पर मुहर लगेगी। छात्रावास संख्या दो, पांच, गर्ल्स छात्रावास संख्या चार व 10 को वार्डन मिलेंगे। पीयू के अधिकारी भी अपने परिचितों से फोन आदि के जरिए पूछ रहे हैं कि कौन से नाम वार्डन के लिए उपयुक्त होंगे, क्योंकि वार्डन वही शिक्षक बनाए जाएंगे जो विद्यार्थियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर चल सकें। छात्रावासों में आए दिन प्रदर्शन आदि भी होता है। ऐसे में छात्रों को वार्डन समझ सकें, यह मानक भी देखा जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि छात्रावास संख्या 10 में महिला शिक्षक वार्डन बनने के लिए ज्यादा इच्छुक नहीं हैं। वहां कोविड सेंटर बना था।