SP कालिया को हटाने पर तीखी प्रतिक्रिया, सड़कों पर उतरे लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंत्री के भिड़ने के बाद लेडी एसपी का तबादला किए जाने की खबर आग की तरह फैल गई, जिसके बाद लोग सड़कों पर उतर आए। पुलिस अधीक्षक कालिया का तबादला करने की सूचना मिलते ही फतेहाबाद, हिसार, सिरसा, भिवानी,रेवाड़ी और रोहतक में कई सामाजिक व दलित संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया।
इस विवाद के बीच शनिवार सुबह फतेहाबाद में एसपी संगीता कालिया की तबीयत बिगड़ने की सूचना आई और डाक्टरों की एक टीम जांच करने के लिए पहुंची। एसपी कैंप के बाहर सुबह से लेकर दोपहर तक मीडिया कर्मियों का जमावड़ा लगा रहा, लेकिन एसपी ने बात करने से मना कर दिया।
हरियाणा पुलिस कर्मचारी संघ ने भी मंत्री विज का विरोध करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। फतेहाबाद में नेशनल हाईवे पर नारेबाजी करते हुए सामाजिक संगठनों के लोग लाल बत्ती चौक पर पहुंचे और स्वास्थ्य मंत्री विज का पुतला फुंका। हिसार में फतेहाबाद एसपी का स्थानांतरण करने पर कई दलित संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है।
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महासभा हिसार के प्रधान विजेंद्र सिंह ने मंत्री अनिल विज से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। पूर्व वित्त मंत्री प्रो. संपत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों, विधायकों तथा कार्यकर्ताओं पर लगाम लगाएं वरना प्रशासनिक मशीनरी इनके व्यवहार की वजह से पंगु हो जाएगी।
हताश भाजपा नेता निकाल रहे है भड़ास: तंवर
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि एक साल में भाजपा सरकार जनता का विश्वास और जनाधार खो चुकी है और इसी हताशा में भाजपा के नेता, मंत्री और विधायक सही काम करने वाले अधिकारियों पर भड़ास निकाल रहे हैं। वर्तमान सरकार पूरी तरह से दलित और महिला विरोधी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सही काम करने वाले अधिकारारयों के साथ खड़ी है।
फतेहाबाद की पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया का स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के साथ हुए विवाद के बाद तबादला किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए तंवर ने कहा कि भाजपा सरकार की शुरू से ही दलित और महिला विरोधी सोच रही है और संगीता कालिया का तबादला इसी का नतीजा है।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्षा सुमित्रा चौहान ने महिला अधिकारी के साथ मंत्री के व्यवहार को निंदनीय बताया। उन्होंने आरोप लगाया की मंत्री ने मर्यादित भाषा का इस्तेमाल नहीं किया, जिसके लिए अनिल विज और सीएम मनोहर लाल को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मंत्री ने अगर माफी नहीं मांगी तो महिला कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी।
मानसिक संतुलन खो बैठे हैं विज: लांबा
हरियाणा पुलिस कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष बलवान लांबा ने कहा कि मंत्री अनिल विज मानसिक संतुलन खो बैठे हैं और अधिकारियों पर दबाव बना रहे हैं, जो अधिकारी दबाव में नहीं आ रहा उसके साथ ऐसी ओछी हरकत कर रहे हैं। एसपी कालिया या उनकी वर्दी के ऊपर कोई आंच आती है तो हम आंदोलन करेंगे।