कोरोना का डर कायम.. युवाओं से भरे रहने वाले जिम में नहीं लौट रही रौनक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉकडाउन से पहले युवाओं से खचाखच भरे रहने वाले जिम और फिटनेस सेंटर इस समय खाली पड़े हैं। चंडीगढ़ के जिम संचालकों का कहना है कि लोगों में अब भी कोरोना का खौफ है। कई लोग वैक्सीन का का इंतजार कर रहे हैं तो कई लोगों ने लॉकडाउन के दौरान जिमिंग का सामान खरीद लिया और घर पर ही प्रैक्टिस कर रहे हैं।
कुछ फिटनेस सेंटर का यह भी कहना है कि लॉकडाउन के दौरान कई लोगों की नौकरी चली गई या तनख्वाह में कटौती कर दी गई तो तंगी की वजह से भी कई लोगों ने जिम को अलविदा कर दिया है। पिछले साल मार्च के मध्य में कोरोना की दस्तक हो गई थी। उसके बाद जिम के शटर गिरा दिए गए। करीब आठ महीने के बाद कई नियमों के बाद जिम खोले गए थे। इस दौरान जिम संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे लोगों को स्लॉट वाइज बुलाएंगे। एक स्लॉट में 10 से 15 लोग हो सकते हैं। इसका भी असर पड़ा। पहले लोग किसी भी समय जिम में आ जाते थे, लेकिन कोविड के बाद लोगों को अपने स्लॉट में ही आना पड़ता है।
ट्रेनर की सैलरी में हुई कटौती, कुछ सेंटर बंद भी हुए
लोगों की संख्या कम होने से जिम संचालकों के साथ ट्रेनर पर भी गहरा असर पड़ा है। जिम संचालकों ने बताया कि उनके लिए अपने सेंटर का किराया व उसके मेंटेनेंस का खर्च निकाल पाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में उन्होंने ट्रेनर की सैलरी पर कटौती कर दी है।
इसके साथ कुछ जिम भी बंद कर दिए गए हैं। ट्राइसिटी में करीब 200 से ज्यादा जिम हैं। इनमें से 15-20 जिम बंद कर दिए गए हैं। हालांकि कुछ जिम संचालकों को किराये से राहत भी मिली। लॉकडाउन के दौरान जब जिम बंद दे थे तो कई मालिकों ने किराया नहीं लिया है।
अब भी लोगों में कोरोना का खतरा
सिटी के सबसे पुराने सेक्टर- 17 बोन सेंटे जिम के मालिक व चंडीगढ़ एमच्योर बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के प्रधान सुनील वालिया ने बताया कि जिम में सिर्फ 50 प्रतिशत लोग आ रहे हैं। वे मानते हैं कि अब भी लोगों में कोरोना का खौफ है। जब तक यह पूरी तरह से खत्म नहीं होता, तब तक ऐसी स्थिति बनी रहेगी। कई ऐसे लोग हैं, जो पहले जिम आते थे, लेकिन अब उन्होंने सामान खरीदकर घर पर ही छोटा जिम बना दिया है।
जिम में आने वाले लोगों में 40 प्रतिशत की गिरावट आई
सेक्टर- 9 स्थित ह्यूमन फिटनेस जिम के मालिक नरेंदर का कहना है कि जिम में आने वाले लोगों में 40 प्रतिशत की गिरावट आई है। प्रशासन की गाइडलाइंस के मुताबिक एक वक्त पर तय लोगों को आने की इजाजत है। समय-समय पर जिम को सैनिटाइज किया जा रहा है, इसके बावजूद लोग नहीं आ रहे हैं। लोगों में अब भी कोरोना की दहशत है। जब तक महामारी पूरी तरह से खत्म नहीं होती, तब तक लोग आने में आनाकानी करेंगे।
कॉलेज खुलने पर जिम फुल होंगे
जिम एंड स्पा चेन के मालिक सूरज भान ने बताया कि खाली पड़े जिम की वजह कोरोना है। दूसरा इस समय सर्दी का सीजन है। सर्दी में लोग आना कम कर देते हैं। दूसरी वजह यह है कि इस समय कालेज बंद चल रहे हैं। कॉलेज में पढ़ने वाले कई विद्यार्थी पंजाब, हरियाणा और हिमाचल से आते हैं। इनमें से अधिकतर लोग जिम में आते थे।