Haryana: पटवारी-कानूनगो की हड़ताल शुरू, तहसीलों और पटवारखानों में भटकते रहे लोग, नहीं हो सके काम
हरियाणा में डॉक्टरों की हड़ताल के बाद अब पटवारी-कानूनगो की हड़ताल शुरू हो चुकी है। यह हड़ताल पांच जनवरी तक चलेगी। एसोसिएशन ने चेतावनी दी की अगर इस दौरान लंबित मांगों पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो प्रदर्शन और आगे बढ़ाया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में पटवारियों और कानूनगो ने बुधवार से हड़ताल शुरू कर दी। दिनभर पटवारियों ने कोई काम नहीं किया। हड़ताल के कारण हजारों लोगों के काम प्रभावित हुए। हड़ताल के चलते लोगों के आवास प्रमाण पत्र, जमाबंदी, जन्म प्रमाणपत्र, जमीनों का इंतकाल और पैमाइश के कार्य नहीं हो सके। नई रजिस्ट्री कराने के लिए दस्तावेजों को प्रमाणित भी नहीं किया गया। काम कराने के लिए लोग तहसीलों और पटवारखानों में धक्के खाते रहे। द रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के बैनर तले यह हड़ताल पांच जनवरी तक चलेगी। एसोसिएशन ने चेताया है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गई तो हड़ताल को आगे भी बढ़ाया जाएगा।
हिसार सहित आसपास के जिलों भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद और सिरसा में पटवारी और कानूनगो हड़ताल पर रहे। फतेहाबाद जिले में करीब 300 और सिरसा में 150 रजिस्ट्री नहीं हुईं। वहीं, हिसार में लघु सचिवालय के बाहर कानूनगो और पटवारियों ने मांगों के समर्थन में तीन दिवसीय धरना दिया। जींद में रजिस्ट्री के लिए जिन 60 लोगों ने पहले ही टोकन लिए थे, उनकी रजिस्ट्री हुई हैं।
रेवाड़ी में 150 रजिस्ट्री प्रभावित हुई है। रोहतक में करीब 500 से अधिक लोगों को बिना काम लौटना पड़ा। पानीपत तहसील में करीब 500 प्रमाणपत्र नहीं बन पाए। समालखा, मतलौडा, इसराना, बापौली व सनौली तहसील में भी कामकाज ठप रहा। कैथल में करीब 100 लोग जमाबंदी, निशानदेही व नकल का काम न होने के कारण वापस लौट गए।
कुरुक्षेत्र में रोजाना करीब 80 रजिस्ट्रियां होती थी जबकि हड़ताल के कारण 30 रजिस्ट्रियां हो पाईं। करनाल में जहां रोजाना 70 के करीब रजिस्ट्रियां होती हैं बुधवार को मात्र 50 रजिस्ट्रियां हो सकीं। अंबाला में पहले दिन हड़ताल का असर नहीं दिखा। यहां 106 रजिस्ट्रियां हुईं। यमुनानगर में पहले दिन सभी कार्य सुचारू रूप से जारी रहे।
| जिला | कानूनगो | पटवारी |
| हिसार | 15 | 132 |
| चरखी दादरी | 10 | 49 |
| भिवानी | 18 | 104 |
| फतेहाबाद | 21 | 66 |
| सिरसा | 26 | 69 |
| रोहतक | ||
| जींद | ||
| रेवाड़ी | 16 | 67 |
| सोनीपत | ||
| महेंद्रगढ़ | 16 | 55 |
| झज्जर | ||
| करनाल | 17 | 57 |
| कैथल | 15 | 80 |
| यमुनानगर | 15 | 34 |
| अंबाला | 14 | 38 |
| कुरुक्षेत्र | 09 | 62 |
| पानीपत | 13 | 51 |
हरियाणा में इस समय पटवारियों के 2691 स्वीकृत पद हैं, जबकि 886 नए पद प्रस्तावित हैं। इनके मुकाबले में 1400 पटवारी ही तैनात हैं। हिसार, जींद, भिवानी, करनाल और फतेहाबाद में तो एक एक पटवारी के पास कई सर्कल की जिम्मेदारी है। खाली पदों को भरा जाएगा और वेतन बढ़ोत्तरी 2016 से लागू की जाए। अगर पांच जनवरी तक सरकार ने इस पर संज्ञान नहीं लिया तो हड़ताल और आगे बढ़ाई जाएगी। - जयबीर चहल, राज्य प्रधान, पटवारी एसोसिएशन।