पंजाब में छपी 60 लाख रुपए की पेड न्यूज!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए गत 2 अप्रैल को अधिसूचना जारी होने से लेकर मतदान वाले दिन 30 अप्रैल तक करीब 60 लाख रुपये की पेड न्यूज प्रकाशित हुई। चुनाव आयोग के आकलन के अनुसार, लोकसभा क्षेत्र आनंदपुर साहिब से कांग्रेस प्रत्याशी अंबिका सोनी करीब 15 लाख रुपये की पेड न्यूज के साथ सबसे आगे हैं।
वहीं, हाई प्रोफाइल सीट बठिंडा इस मामले में काफी पीछे रही। बादल परिवार की जंग के बावजूद यहां से 40 हजार रुपये से भी कम की पेड न्यूज छपने का अनुमान आयोग के संबंधित अधिकारियों ने लगाया है।
अमृतसर से कांग्रेस प्रत्याशी व कैप्टन अमरिंदर सिंह का पेड न्यूज का आंकड़ा, पटियाला से चुनाव लड़ रही उनकी पत्नी परनीत कौर से काफी कम रहा। संख्या के हिसाब से अप्रैल माह में करीब 200 पेड न्यूज प्रकाशित हुईं।
पेड न्यूज की राशि उम्मीदवारों के नाम पर
उल्लेखनीय है कि जिन न्यूज को चुनाव अधिकारियों ने पेड करार दिया है, इनमें से कई के संबंध में उम्मीदवारों ने अपील की है और इन पर फैसला लंबित है। कई न्यूज ऐसी हैं, जिन्हें पेड कंफर्म कर दिया गया है।
पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर पेड न्यूज के आकलन संबंधी 30 अप्रैल तक की रिपोर्टें संबंधित अधिकारियों की ओर से मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय को भेजी जा चुकी हैं। प्रदेश के संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी अमित तलवार के अनुसार इन रिपोर्टों में दर्शाई गई पेड न्यूज से संबंधित राशि उम्मीदवारों के नाम पर बुक की गई है।
उनके जवाबों पर विचार-विमर्श करने के बाद पेड न्यूज के संबंध में अंतिम निर्णय होगा। जिस खबर के संबंध में कंफर्म हो जाएगा कि यह पेड है तो उसका खर्च उम्मीदवार की 70 लाख रुपये की लिमिट में डाल दिया जाएगा।
यदि कोई खबर तर्क के आधार पर पेड प्रमाणित नहीं होती, तो उसे संबंधित सूची से निकाल दिया जाएगा और इसका खर्च लिमिट में शामिल नहीं किया जाएगा।
सूची में दिग्गजों के नाम
पेड न्यूज के हेड में जिन उम्मीदवारों के नाम पर राशि बुक की गई है, उनमें लगभग सभी दिग्गजों के नाम शामिल हैं।
भाजपा के अरुण जेटली, विनोद खन्ना व विजय सांपला, कांग्रेस के कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रताप सिंह बाजवा, अंबिका सोनी, परनीत कौर, चौ. सुनील जाखड़, महिंदर सिंह केपी, विजय इंद्र सिंगला, रवनीत सिंह बिट्टू, पीपीपी के मनप्रीत सिंह बादल, शिअद के सुखदेव सिंह ढींडसा, हरसिमरत कौर बादल, प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा, आप के भगवंत मान आदि के नाम इस सूची का हिस्सा हैं।
भाजपा प्रत्याशियों के नाम पर लगभग 12 लाख, कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम पर करीब 29 लाख और शिअद प्रत्याशियों के नाम करीब 15 लाख रुपए की राशि इस हेड में बुक की गई है।