चंडीगढ़: कोरोना से रक्षा के लिए नर्स बहनों ने पॉजिटिव मरीजों को बांधी राखी, लगाया तिलक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना महामारी के दौर में जब लोग एक-दूसरे से दूरी बनाकर खुद को संक्रमण से बचाने का प्रयास कर रहे हैं, तब जीएमएसएच- 16 के मेल सर्जिकल आइसोलेशन वार्ड में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी रक्षा की कामना की गई। वार्ड की इंचार्ज शोभना पठानिया के साथ अन्य नर्सिंग ऑफिसर ने मिलकर वहां भर्ती कोरोना के मरीजों के माथे पर तिलक लगाया, उनकी आरती उतारी और राखी बांध कर उनकी लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान मरीजों ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया और दुनिया की हर खुशी उनकी झोली में जाने की दुआ की।
रंगोली में दिखा राखी का प्यार
शोभना पठानिया के साथ में वार्ड में ड्यूटी कर रही परमिंदर संधू, हनिशा, मृदुला, रमन, प्रभजोत, सरबजीत और रितु ने मिलकर वहां राखी के डिजाइन वाली रंगोली बनाई और उसमें दिए ही जलाए। शोभना ने बताया कि उनके साथ काम कर रहे नर्सिंग ऑफिसर इसके लिए कई दिनों से तैयारी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण अस्पताल में भर्ती मरीज अपने परिवार के साथ ही अपनी बहनों से भी दूर हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर नर्सिंग ऑफिसर ने एक बहन होने का दायित्व निभाते हुए उनकी जीवन की रक्षा के लिए प्रार्थना किया है।
शोभना ने बताया कि उनका कोई भाई नहीं है। हर साल वो राखी के दिन बाकी बहनों को अपने भाइयों को राखी बांधते हुए देखकर सबके स्वस्थ और निरोग रहने की कामना करती हैं। इस साल कोरोना के कारण उन्होंने अस्पताल में भर्ती जिंदगी-मौत से जूझ रहे पॉजिटिव मरीजों की सलामती के लिए उन्हें राखी बांधकर उनकी मंगल की कामना की।
सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का रखा पूरा ख्याल
कोरोना के पॉजिटिव मरीजों को राखी बांधने से पहले नर्सिंग ऑफिसर ने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ही संक्रमण से बचाव के मानकों का पालन करते हुए रक्षाबंधन के वचन में को निभाया। नर्सिंग ऑफिसर पीपीई किट पहनकर आइसोलेशन वार्ड में गईं। वहां उन्होंने बारी-बारी से पॉजिटिव मरीजों के माथे पर तिलक लगाया, उनकी आरती उतारी, कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और मुंह मीठा कराकर उन्हें राखी की बधाई दी। इस दौरान वहां भर्ती मरीजों ने उन्हें शुभकामनाएं दी और कहा कि इस संकट की घड़ी में उनके लिए वो अपनी सगी बहनों से भी बढ़कर साबित हुई हैं।