Haryana: नितिन गडकरी ने कहा- हरियाणा को 300 करोड़ का अतिरिक्त बजट मिला, 290 ब्लैक स्पॉट भी दूर करेंगे
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि मैं हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और गृहमंत्री अनिल विज से अपील करुंगा कि हरियाणा की बसें बदल दो। टिकट रेट 30 प्रतिशत कम कर दो और सब हरियाणा की जनता को एयर कंडीशन बसों में घुमाओ। इसका मॉडल बताता हूं, बसों को इलेक्ट्रिक या दूसरे सस्ते ईंधनों पर लेकर आना होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंबाला छावनी के गांव मोहड़ा में मंगलवार को केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 1255 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले सिक्स लेन ग्रीन फील्ड रिंग रोड का शिलान्यास और अंबाला साहा मार्ग का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लिए सेतु बंधन में शहरों में रेलवे अंडर पास या ओवरब्रिज के लिए मैने अतिरिक्त 300 करोड़ रुपये का बजट देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के राजमार्ग 2024 के अंत तक अमेरिका से भी अच्छे होंगे।
290 ब्लैक स्पॉट का होगा सुधार
उन्होंने कहा कि मुझे डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने 290 ब्लैक स्पॉट के बारे में बताया है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर 2000 करोड़ लगे या 5000 करोड़। सभी ब्लैक स्पॉट सुधारने का आदेश देता हूं। लोकसभा सांसद रहे दिवंगत रतनलाल कटारिया को भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंच से श्रद्धांजलि दी।
सीएम को अमृत सरोवर देने की पेशकश
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि मैंने आज हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से कहा है कि आप मुझे मिट्टी दें, मैं आपको अमृत सरोवर बनाकर दूंगा। एनएचएआई ने 1500 अमृत सरोवर बनाए हैं।
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के बीच 40 साल से चल रहे थे झगड़े
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जब मैं वाटर रिसोर्स मंत्री था तब पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के बीच में 40 साल से 23 झगड़े चल रहे थे। मैने 17 झगड़े मिटा दिए। सभी सीएम मेरे पास आते थे, मैं उन्हें बैठाता था कि जब तक तुम सभी एक सहमति नहीं बनाओगे मैं दरवाजा ही नहीं खोलूंगा। अब नए प्रोजेक्ट विभिन्न राज्यों में चल रहे हैं, जिसके कारण हरियाणा को खूब पानी मिलने वाला है।
पाकिस्तान में जिन तीन नदियों का पानी जा रहा था उसे रोकने में भी भूमिका ली, पाकिस्तान के लोग मेरे ऊपर नाराज हुए। मैंने कहा था कि बंटवारे में तीन नदी पाकिस्तान को, तीन भारत को मिली। हमारे हक का पानी भी वहां जा रहा था। उसे हमने रोका और हरियाणा पंजाब के हक का पानी दिलाया।
गृहमंत्री को कहा- हरियाणा वासियों को एयर कंडीशन बसों में घुमाओ
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि मैं हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और गृहमंत्री अनिल विज से अपील करुंगा कि हरियाणा की बसें बदल दो। टिकट रेट 30 प्रतिशत कम कर दो और सब हरियाणा की जनता को एयर कंडीशन बसों में घुमाओ। इसका मॉडल बताता हूं, बसों को इलेक्ट्रिक या दूसरे सस्ते ईंधनों पर लेकर आना होगा। हम एयरपोर्ट जैसे बस पोर्ट बना रहे हैं, दो लाख करोड़ से लॉजिस्टिक पार्क बना रहे हैं। केबल कार, देश में परिवहन के क्षेत्र में नई तकनीकों को ला रहे हैं। इस पर काम करेंगे।