Haryana: नायब सैनी ने किया था वादा-शपथ से पहले 24 हजार नौकरियां देंगे... सक्रिय हुआ कर्मचारी चयन आयोग
हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर 16 अगस्त को आचार संहिता लगी थी। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने चुनाव से पहले कई ग्रुपों के परिणाम तो जारी कर दिए थे, लेकिन 24 हजार पदों का परिणाम अटक गया था। परिणाम जारी कराने को लेकर एचएसएससी ने चुनाव आयोग से अनुमति भी मांगी, लेकिन मंजूरी नहीं मिली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में आचार संहिता हट गई है। विधानसभा चुनाव में रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जनता से बड़ा वादा किया था कि वह दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले 24 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी का पत्र जारी करवाएंगे। अब इसका समय आ गया है।
निर्वाचन आयोग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। आचार संहिता हटते ही हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) सक्रिय हो गया है। आयोग किसी भी समय लंबित ग्रुप सी के 24 हजार पदों की भर्ती का परिणाम जारी कर सकता है। आयोग की टीमें परिणाम तैयार कर चुकी हैं और अब इसकी त्रुटियां दूर की जा रही हैं।
16 अगस्त को लगी थी आचार संहिता
हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर 16 अगस्त को आचार संहिता लगी थी। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने चुनाव से पहले कई ग्रुपों के परिणाम तो जारी कर दिए थे, लेकिन 24 हजार पदों का परिणाम अटक गया था। परिणाम जारी कराने को लेकर एचएसएससी ने चुनाव आयोग से अनुमति भी मांगी, लेकिन मंजूरी नहीं मिली। एचएसएससी ने दोबारा मुख्य सचिव को पत्र लिखकर परिणाम जारी कराने की मंजूरी मांगी थी। वीरवार को आधिकारिक रूप से चुनाव आचार संहिता हट गई। निर्वाचन आयोग से इसका पत्र जारी होते ही एचएसएससी सतर्क हो गया और परिणाम जारी करने की तैयारियों में जुट गया। वीरवार रात तक आयोग के कर्मचारी कार्यालय में डटे रहे। एचएसएससी आबकारी निरीक्षक, ऑडिटर पटवारी, जेई, क्लर्क समेत अन्य पदों का परिणाम जल्द जारी कर सकता है।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इसी साल एक फरवरी को ग्रुप सी के 20 हजार पदों की भर्ती पर लगी रोक को हटाया था। हाईकोर्ट में हरियाणा के एडवोकेट जनरल ने विश्वास दिलाया था कि याचिकाकर्ताओं के लिए भर्ती के दौरान पद रिक्त रखे जाएंगे। इस जानकारी पर हाईकोर्ट ने एक फरवरी को भर्ती पर लगाई गई रोक हटाते हुए विभिन्न पदों के लिए परिणाम जारी करने और भर्ती आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी थी।
सीएम सैनी ने कहा था- शपथ बाद में, परिणाम पहले
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा चुनाव से पहले कहा था कि चुनाव के तुरंत बाद वह 15वीं विधानसभा के मुख्यमंत्री पद की शपथ बाद में लेंगे, 24 हजार पदों का परिणाम पहले जारी किया जाएगा। तीसरी बार भाजपा के सत्ता में आने के बाद सरकार ने भी आयोग को परिणाम जारी करने को कह दिया है।
आचार संहिता हटने के बाद आयोग भर्ती परीक्षा के परिणाम जारी करने की तैयारियों में जुटा है। ग्रुपों के परिणाम तैयार किए जा रहे हैं। हमारी कोशिश है कि जल्द ही परिणाम जारी कर दिया जाए। आचार संहिता के चलते परिणाम अटका था, हमारी सारी तैयारियां पूरी हैं। - हिम्मत सिंह, चेयरमैन, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग।