घड़ियाल देकर पाकिस्तान से इंडस डालफिन लाएंगे नवजोत सिद्धू, खूबसूरत बनाया जाएगा हरिके वेटलैंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ल्ड वेटलैंड डे पर हरिके वेटलैंड पर आयोजित बर्ड फेस्टिवल में पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि छतबीड़ जू से पाकिस्तान को घड़ियाल देकर वहां से डेढ़ सौ इंडस डालफिन लाकर ब्यास-सतलुज के संगम वाले हरिके पत्तन दरिया में छोड़ी जाएंगी। हरिके वेटलैंड विकसित करने को 16 प्वाइंट पर 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने वेटलैंड इंडस डालफिन को राज्य जलीय जीव घोषित किया।
सिद्धू ने कहा कि हरिके वेटलैंड 4100 हेक्टेयर में फैला है। इसे सुंदर बनाने के लिए 16 प्वाइंट पर अगले छह महीने में काम शुरू हो जाएगा। हमारी सरकार को अभी तीन साल का समय बाकी है। इसी दौरान इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के रूप में विकसित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां 3 लाख देशी कीकर के पेड़ लगाए जाएंगे।
वेटलैंड की जलकुंभी खत्म कर कमल व वाटर लिली के पौधे लगाकर इसकी सुंदरता बढ़ाने के साथ आय के साधन भी बनाया जाएंगे। देश-विदेश से हजारों की तादात में वेटलैंड पहुंचने वाली पक्षियों की सुरक्षा के लिए दरिया की कैच फिश को खत्म किया जाएगा। हरिके वेटलैंड को कश्मीर की डल झील जैसा बनाया जाएगा। वेटलैंड के सभी हिस्सों को कवर कर सुरक्षित किया जाएगा।
हरिके वेटलैंड में इंडस डालफिन की और संख्या बढ़ाने के लिए पाकिस्तान से डेढ़ सौ डालफिन लाएंगे और इसके बदले में पाक को छतबीड़ जू से घड़ियाल देंगे। सिद्धू ने कहा कि कल ही मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह वेटलैंड की इंडस डालफिन को राज्य जलीय जीव घोषित किया है। वेटलैंड में सतलुज दरिया के प्रदूषित पानी को साफ करने के लिए ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। पक्षियों व मछलियों के शिकार पर पाबंदी लगाई जाएगी।
हुसैनीवाला व वाघा बार्डर खोलने का होगा प्रयास
सिद्धू ने कहा कि जिस तरह से करतारपुर में कॉरिडोर बनाया जा रहा है, इसी तरह जल्द ही फिरोजपुर का हुसैनीवाला व अमृतसर का वाघा बार्डर लोगों के आवागमन के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा। पाकिस्तान ने अपनी तरफ कॉरिडोर का 45 फीसदी काम पूरा कर लिया है। सिद्धू ने बेअदबी कांड का जिक्र करते हुए शिअद (ब) की ओर इशारा कर सख्त कार्रवाई की बात कही। इस अवसर पर विधायक कुलबीर सिंह जीरा, पूर्व मंत्री इंद्रजीत सिंह जीरा, वर्ल्ड वाईल्ड की डीएफओ कल्पना उपस्थित रहे।