आतंकी फंडिंग: पंजाब-हरियाणा में 10 ठिकानों पर NIA के छापे, लुधियाना से 2 युवकों को उठाया, आपत्तिजनक सामान मिला
सूत्रों के अनुसार मुक्तसर में जिस शख्स के घर पर एनआईए ने छापा मारा है, वह खिलौना बेचने का काम करता है। छापेमारी सुबह 6 बजे शुरू हुई और अब भी जारी है। वहीं बठिंडा के गांव शेरगढ़ में भी एनआईए की टीम पहुंची।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार को पंजाब-हरियाणा में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) से जुड़े टेरर फंडिंग मामले में 10 संदिग्ध लोगों के ठिकानों पर छापे मारे। पांच घंटे तक चली कार्रवाई में जांच एजेंसी ने पंजाब में नौ जगह तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई आपत्तिजनक सामान और कागजात जब्त किए। लुधियाना के जगरांव से दो युवक गुरवीर और वरिंदर को पूछताछ के लिए उठाया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नशा तस्करी से जुड़े हैं और कई गैंगस्टरों से उनके संबंध हैं। फिलहाल एनआईए ने कोई अधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
सूत्रों ने बताया कि एनआईए को सूचना मिली कि केटीएफ के लिए संदिग्ध लोगों के खाते में फंडिंग की गई है। इस सूचना के आधार पर एनआईए की कई टीमें पंजाब पुलिस के साथ तड़के बठिंडा, मुक्तसर साहिब, लुधियाना और फिरोजपुर पहुंची। टीम ने एक साथ छापे मारे। इस दौरान पंजाब पुलिस की टीमें भी साथ में थी। उधर एनआईए की एक टीम ने हरियाणा के कैथल में सबमर्सिबल मोटर मैकेनिक और पेस्टीसाइड कंपनी में कार्यरत दो सगे भाइयों के घर दबिश दी।
मेले में खिलौना बेचने व ट्रक चालक के घर पहुंची
एनआईए की टीम ने मंगलवार सुबह छह बजे श्री मुक्तसर साहिब की अबोहर रोड बाईपास पर गुरु नानक मोहल्ला में महकदीप सिंह के घर दबिश दी। वह मेलों में खिलौने बेचने का काम करता है। टीम ने महकदीप को पूछताछ के लिए चंडीगढ़ बुलाया है। सूत्रों के मुताबिक महकदीप के बैंक खाते में संदिग्ध लेनदेन हुआ। वहीं, एनआईए की दूसरी टीम ने बठिंडा के गांव शेरगढ़ में ट्रक चालक हरमन सिंह के घर पर छापे मारे। एनआईए को संदेह है कि उक्त ट्रक चालक के गैंगस्टरों से संबंध हैं। एनआईए ने उसके घर से कुछ कागजात और आपत्तिजनक सामान जब्त किया है। तलाशी के दौरान घर में सिर्फ एक वृद्धा मौजूद थी। एनआईए को हरमन के मोबाइल से गैंगस्टरों के नंबर मिले हैं।
फिरोजपुर में पांच जगह छापे
फिरोजपुर में एनआईए ने पांच जगहों पर छापे मारे। गांव बुईंयावाला में एनआईए ने मनदीप सिंह के घर दबिश देकर पूछताछ की। एक टीम ने इसी गांव के दो भाइयों के घर पर भी छापे मारे हैं। दोनों भाई मनीला में रहते थे। वहां जेल में भी बंद रहे हैं। एक टीम ने तलवंडी भाई अजीत नगर में कुलवीर सिंह उर्फ बाबा के घर दबिश दी। बाबा नाई का काम करता है। उसे हथियारों के साथ फोटो खिंचवाने का शौक है। एनआईए ने गगनदीप सिंह निवासी गांव लल्ले और झिरमल निवासी गांव घल्लखुर्द में छापे मारे।