विधायक बैंस ने फेसबुक पर लाइव होकर खरीदा चिट्टा, कमिश्नर दफ्तर पहुंच की शिकायत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोक इंसाफ पार्टी प्रमुख विधायक सिमरजीत सिंह बैंस ने सोमवार को फेसबुक पर लाइव होकर लुधियाना में खुलेआम बिक रहे चिट्टे का खुलासा किया। विधायक बैंस सुबह नौ बजे फेसबुक पर लाइव हुए और फिर लाइव ही चिट्टे की खरीद करने पहुंच गए। चीमा चौक के पास एक बस्ती में उनके साथी ने तीन सौ रुपये प्रति पैकेट के हिसाब से चिट्टे के चार पैकेट खरीदे।
इसके बाद विधायक बैंस साथियों के साथ पुलिस कमिश्नर दफ्तर पहुंचे और लिखित में चिट्टे की शिकायत की। चिट्टे के तीन पैकेट और वीडियो उनके हवाले कर दी। उन्होंने कहा कि एक पैकेट अपने पास रखा है। जिसकी वह अपने स्तर पर जांच करवाएंगे। पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह गिल का कहना है कि वह इस में बनती कार्रवाई जरूर करेंगे। विधायक बैंस ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग को भी भेज दी है।
पुलिस कमिश्नर दफ्तर पहुंचे विधायक बैंस ने बताया कि उन्हें काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी कि चीमा चौक के पास घोड़ा कालोनी, ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में सुबह चिट्टे की मंडी लगती है। उन्होंने पहले तो पुलिस मुलाजिमों को जुबानी तौर पर कहा। लेकिन वह एक दिन तो चिट्टा बंद करवा देते। अगले दिन फिर से बिक्री शुरू हो जाती थी।
सोमवार को उन्होंने चिट्टा लाइव खरीद कर पुलिस की कारगुजारी को सभी के सामने लाने की योजना बनाई। वह अपने एक साथी के साथ फेसबुक पर लाइव हुए और फिर उनका साथी एक्टिवा लेकर चिट्टा खरीदने गया। वह अपनी कार पर चीमा चौक पर उसका इंतजार करते रहे और फेसबुक पर लाइव देखते रहे।
उन्होंने बताया कि वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि चीमा चौक के पास एक बस्ती में एक व्यक्ति तीन सौ रुपये प्रति पैकेट के हिसाब से चिट्टा बेच रहा है। उसके आस-पास महिलाएं और बच्चे भी खड़े हैं। बेधड़क होकर वह वहां आने वाले लोगों को तीन सौ रुपये लेकर पैकेट दे रहा है। उन्होंने कहा कि उनके साथी ने इस व्यक्ति से पहले दो पैकेट लिए लेकिन उन्होंने दोबारा उसे दो और पैकेट लाने के लिए भेज दिया।
विधायक ने कहा कि पिछले साल एक से सात जुलाई तक चिट्टा विरोधी सप्ताह मनाया था तो एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया था। नशे की 667 शिकायत लिखित में उन्होंने मुख्यमंत्री और एसटीएफ को दी थी। लेकिन एक पर भी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में आलू की तरह चिट्टा बिक रहा है। जब वह पुलिस कमिश्नर दफ्तर पहुंचे तो पुलिस का रवैया सही नहीं था।
पुलिस कमिश्नर ने कार्रवाई करने के बजाय शिकायत देने को कह दिया। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि बैंस को यहां आने के बजाय पुलिस थाना जाना चाहिए था। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए काफी शर्तें हैं। विधायक बैंस ने मामले की पंजाब पुलिस प्रमुख दिनकर गुप्ता, पुलिस कमिश्नर और चुनाव आयोग को लिखित शिकायत भेज दी है।